KORBA : दूरस्थ अंचल तक पहुँचा अन्न का अधिकार – कदमझरिया में अब चलित वाहन से घर-घर पहुँचेगा राशन

 

Social Activity BSP

कोरबा, 14 नवंबर (Social Activity BSP)।
जिला प्रशासन कोरबा ने जनजातीय बाहुल्य एवं दुर्गम क्षेत्रों में बसे ग्रामीणों तक शासन की योजनाएँ सुगमता से पहुँचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है। इसी क्रम में ग्राम पंचायत गढ़उपरोड़ा के आश्रित ग्राम कदमझरिया में रहने वाली पहाड़ी कोरवा जनजाति के परिवारों के लिए मोबाइल पीडीएस यूनिट के माध्यम से घर-घर राशन वितरण की नई सुविधा शुरू की गई है।

ग्राम कदमझरिया में लगभग 35 राशनकार्डधारी परिवार निवासरत हैं। अब तक इन परिवारों को प्रतिमाह राशन प्राप्त करने के लिए 6 से 7 किलोमीटर दूर ग्राम पंचायत मुख्यालय तक पैदल जाना पड़ता था। दुर्गम पहाड़ी रास्तों, सीमित परिवहन व्यवस्था और प्राकृतिक बाधाओं के कारण यह यात्रा ग्रामीणों, खासकर महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और बच्चों के लिए बेहद कठिन साबित होती थी।

इसी समस्या को लेकर ग्रामीणों ने 12 नवंबर 2025 को गाँव में पहुंचे कलेक्टर श्री अजीत वसंत को अपनी पीड़ा से अवगत कराया। ग्रामीणों की कठिनाइयों को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने तत्काल समाधान हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।

कलेक्टर के निर्देश के अनुपालन में जिला खाद्य अधिकारी घनश्याम कँवर ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मात्र 24 घंटे के भीतर, 13 नवंबर 2025 से ही कदमझरिया में चलित वाहन द्वारा राशन वितरण की वैकल्पिक व्यवस्था शुरू करवाई। अब पहाड़ी कोरवा जनजाति के लोग अपने ही गाँव में समय पर अनाज प्राप्त कर सकेंगे।

यह पहल न केवल जिला प्रशासन की संवेदनशीलता व तत्परता का प्रमाण है, बल्कि कदमझरिया के ग्रामीणों के लिए किसी वरदान से कम नहीं। इससे न केवल उनका समय और श्रम बचेगा, बल्कि दूरस्थ यात्रा में आने वाली परेशानियों से भी मुक्ति मिलेगी।

कदमझरिया के ग्रामीणों ने जिला प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सुविधा उनके जीवन में सुरक्षा, सुविधा और विश्वास की नई शुरुआत लेकर आई है।



Social Activity BSP👈

रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद








Click here 👆👆

Post a Comment

Previous Post Next Post