Social Activity BSP
बिलासपुर, 19 फरवरी। राजकिशोर नगर के सराफा कारोबारी संतोष तिवारी से 17 फरवरी की रात हुई 3.50 करोड़ रुपये की नकदी और जेवरात लूट मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। सूत्रों के अनुसार, चार संदिग्ध आरोपियों को उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले के अहरौरा थाना क्षेत्र से हिरासत में लिया गया है। पुलिस टीम इन्हें लेकर बिलासपुर लौट रही है और आज शाम खुलासा करेगी।
जानकारी के अनुसार, संतोष तिवारी की वसंत विहार चौक स्थित महालक्ष्मी ज्वेलरी शॉप है। मंगलवार रात करीब 9 बजे दुकान बंद करने के बाद वे अपने कार में सोने के जेवर और नकदी लेकर घर लौट रहे थे।
बीएसएनएल ऑफिस गली के तिराहे पर पहुंचते ही सफेद रंग की कार (सीजी 10 बीजे 8147) ने उनकी कार को टक्कर मारी। जैसे ही तिवारी कार से बाहर निकले, कार सवार हथियारबंद लुटेरों ने उन पर हमला किया। सिर पर चोट पहुंचाने के बाद बदमाशों ने साढ़े तीन करोड़ रुपये के आभूषण, साढ़े तीन लाख रुपये नकद और उनकी कार लेकर फरार हो गए।
सूत्रों के मुताबिक, लुटेरे पहले वैन और बाइक छोड़कर अलग-अलग वाहनों – स्कॉर्पियो और ह्युंडई आई20 – में यूपी की ओर भाग गए। पुलिस को मोबाइल लोकेशन और पुराने मामलों के सुरागों से आरोपियों तक पहुंचने में मदद मिली।
पुलिस ने बताया कि आज शाम तक मामले का पूरा खुलासा कर दिया जाएगा और आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद





.jpeg)

