बिलासपुर पुलिस की हाईटेक पहल: तारबहार थाना क्षेत्र में ड्रोन से निगरानी, असामाजिक तत्वों पर सख्ती

Social Activity BSP

बिलासपुर, 11 फरवरी। (Social Activity BSP)

शहर में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा आम नागरिकों को सुरक्षित वातावरण प्रदान करने के उद्देश्य से बिलासपुर पुलिस ने एक महत्वपूर्ण और आधुनिक कदम उठाया है। बुधवार को तारबहार थाना क्षेत्र में व्यापक स्तर पर रूटीन चेकअप अभियान चलाया गया, जिसमें पहली बार व्यवस्थित तरीके से ड्रोन कैमरे की मदद से पूरे क्षेत्र की निगरानी की गई।

यह अभियान तारबहार थाना प्रभारी (TI) श्री रविन्द्र कुमार अनंत के नेतृत्व में संचालित किया गया। पुलिस टीम ने ड्रोन को संवेदनशील स्थानों, भीड़भाड़ वाले इलाकों, गली-मोहल्लों और उन जगहों पर उड़ाकर निरीक्षण किया, जहां से लगातार असामाजिक गतिविधियों की शिकायतें मिल रही थीं। ड्रोन के माध्यम से ऊंचाई से निगरानी करने पर कई ऐसे स्थान चिन्हित किए गए जहां युवकों के समूह खड़े होकर देर रात तक समय बिताते हैं।

TI रविन्द्र कुमार अनंत ने बताया कि थाना क्षेत्र में कई दिनों से शिकायतें प्राप्त हो रही थीं कि कुछ स्थानों पर लोग जूंड बनाकर खड़े रहते हैं, कहीं नशाखोरी की घटनाएं सामने आ रही हैं तो कहीं आपसी विवाद और झगड़े की स्थिति बन जाती है। इन गतिविधियों से क्षेत्र की शांति और सुरक्षा प्रभावित हो रही थी।

उन्होंने कहा कि इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तकनीक का सहारा लिया है। ड्रोन के माध्यम से निगरानी करने से न केवल पुलिस को वास्तविक स्थिति का स्पष्ट आकलन करने में सुविधा मिलती है, बल्कि असामाजिक तत्वों में भी कानून का भय उत्पन्न होता है।

TI अनंत ने स्पष्ट किया कि यह केवल एक दिन की कार्रवाई नहीं है, बल्कि आगे भी समय-समय पर इस प्रकार की ड्रोन मॉनिटरिंग जारी रहेगी। यदि कोई भी व्यक्ति सार्वजनिक स्थान पर नशा करते, अवैध गतिविधियों में संलिप्त रहते या कानून व्यवस्था भंग करते पाया जाता है तो उसके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस विशेष अभियान में क्षेत्रीय पार्षद मोहम्मद आज़म ने भी सक्रिय सहयोग दिया। उन्होंने पुलिस की इस पहल का समर्थन करते हुए कहा कि क्षेत्र की सुरक्षा और शांति बनाए रखने के लिए इस तरह की कार्रवाई अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने नागरिकों से भी अपील की कि वे पुलिस प्रशासन का सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।

तारबहार थाना पुलिस की इस हाईटेक पहल को शहर में एक सकारात्मक कदम के रूप में देखा जा रहा है। आधुनिक तकनीक के उपयोग से न केवल निगरानी व्यवस्था मजबूत होगी, बल्कि अपराध नियंत्रण में भी प्रभावी मदद मिलेगी।



Social Activity BSP👈

रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद








Click here 👆👆

Post a Comment

Previous Post Next Post