Social Activity BSP
बिलासपुर, 11 फरवरी (Social Activity BSP)। बिलासपुर में घरेलू हिंसा का एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां शराब के नशे में धुत एक पति ने अपनी पत्नी को लोहे की पाइप से बेरहमी से पीट दिया। पीड़िता ने पति की लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
मिली जानकारी के अनुसार, 26 वर्षीय काजल तिवारी की शादी 5 फरवरी 2022 को बिलासपुर के सरकंडा निवासी अंकित तिवारी से सामाजिक रीति-रिवाज से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद से ही आरोपी पति आए दिन शराब पीकर घर आता और छोटी-छोटी बातों पर विवाद कर गाली-गलौज व मारपीट करता था।
बताया जा रहा है कि 23 जनवरी 2026 की रात करीब 10 बजे आरोपी शराब के नशे में घर पहुंचा। देर रात मैगी बनाने को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक हो गया। आरोप है कि पति ने पत्नी को जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ-मुक्कों, लातों और लोहे के पर्दे की पाइप से गंभीर रूप से पीटा।
घटना के बाद पीड़िता ने मोबाइल फोन से अपने माता-पिता को पूरी जानकारी दी। अगले दिन 24 जनवरी को उसके पिता बिलासपुर पहुंचे और उसे अपने साथ कोरबा ले गए। इसके बाद महिला ने थाना कोतवाली कोरबा में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने मामले में जीरो पर अपराध दर्ज कर केस डायरी बिलासपुर के सरकंडा थाने को जांच के लिए भेज दी है। फिलहाल पुलिस मामले की विवेचना कर रही है।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद





.jpeg)

