कोयला राज्य मंत्री सतीश चन्द्र दुबे ने की एसईसीएल कार्यों की समीक्षा, डिजिटल पोर्टल्स और आधुनिक हेमेटोलॉजी यूनिट का किया शुभारंभ

Social Activity BSP

बिलासपुर (Social Activity BSP)। भारत सरकार के कोयला एवं खान राज्य मंत्री श्री सतीश चन्द्र दुबे ने मंगलवार को साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) का एक दिवसीय दौरा कर कंपनी के उत्पादन, परिचालन, आधारभूत संरचना विकास और भावी योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। दौरे के दौरान उन्होंने रायपुर में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय से सौजन्य भेंट कर कोयला क्षेत्र के विकास, ऊर्जा सुरक्षा और औद्योगिक प्रगति से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।

एसईसीएल मुख्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में मंत्री ने कोयला उत्पादन एवं प्रेषण, गुणवत्ता प्रबंधन, सुरक्षा, डिजिटलीकरण, पर्यावरणीय पहल, कोयला गैसीकरण, माइन क्लोजर, सीएसआर गतिविधियों तथा आगामी कार्ययोजनाओं की समीक्षा की। बैठक में एसईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक श्री हरीश दुहन, निदेशकगण, मुख्य सतर्कता अधिकारी, कोयला मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी एवं एसईसीएल के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।



बैठक के दौरान मंत्री ने सुरक्षित और सतत खनन को बढ़ावा देने, आधुनिक तकनीकों के उपयोग तथा परिचालन दक्षता में निरंतर सुधार पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि एसईसीएल देश की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने में अहम भूमिका निभा रहा है और कंपनी द्वारा उत्पादन, गुणवत्ता, सुरक्षा तथा पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं। साथ ही उन्होंने सीएसआर गतिविधियों के माध्यम से कोयला क्षेत्रों में जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर भी बल दिया।

इस अवसर पर एसईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक श्री हरीश दुहन ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में कोल इंडिया द्वारा अब तक हासिल 100 मिलियन टन उत्पादन में एसईसीएल का सर्वाधिक योगदान 26.86 मिलियन टन रहा है। उन्होंने मंत्रालय के मार्गदर्शन में राष्ट्र की ऊर्जा आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए कंपनी की प्रतिबद्धता दोहराई।

डिजिटल परिवर्तन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए राज्य मंत्री ने ई-डाडास (डिज़ाइन एंड ड्रॉइंग अप्रूवल इन एसईसीएल) पोर्टल और हॉस्पिटल मैनेजमेंट एंड इंफॉर्मेशन सिस्टम (एचएमआईएस) पोर्टल का शुभारंभ किया। इन पोर्टलों के माध्यम से आधारभूत परियोजनाओं की ऑनलाइन मॉनिटरिंग, डिज़ाइन स्वीकृति प्रक्रिया तथा अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाओं के डिजिटलीकरण और मरीज रिकॉर्ड प्रबंधन को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा।

इसके अलावा मंत्री ने बिलासपुर स्थित इंदिरा विहार स्वास्थ्य केंद्र में अत्याधुनिक 5-पार्ट हेमेटोलॉजी एनालाइज़र यूनिट का उद्घाटन किया। यह मशीन रक्त जांच को अधिक सटीक, तेज और त्रुटिरहित बनाने में सहायक होगी, जिससे संक्रमण और अन्य बीमारियों की बेहतर पहचान संभव हो सकेगी। उद्घाटन के बाद मंत्री ने स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी ली और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।


Social Activity BSP👈

रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद








Click here 👆👆

Post a Comment

Previous Post Next Post