लिंगियाडीह में 212 दिनों से जारी बस्ती बचाओ आंदोलन, पुनर्वास और अधिकारों की मांग पर अड़े रहवासी

Social Activity BSP

बिलासपुर (Social Activity BSP)। नगर निगम क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 52 लिंगियाडीह में बस्ती बचाने की मांग को लेकर क्षेत्रवासियों का आंदोलन लगातार 212वें दिन भी जारी रहा। गरीब एवं श्रमिक परिवारों का कहना है कि उनकी वर्षों पुरानी बस्ती को हटाने की आशंका के चलते वे अपने आवास और आजीविका की सुरक्षा के लिए लंबे समय से संघर्ष कर रहे हैं।



आंदोलनकारियों का आरोप है कि क्षेत्र में विकास परियोजनाओं के नाम पर बस्तीवासियों के हितों की अनदेखी की जा रही है। उनका कहना है कि वे विकास के विरोधी नहीं हैं, लेकिन बिना उचित पुनर्वास और वैकल्पिक व्यवस्था के किसी भी परिवार को बेघर करना उचित नहीं होगा।

आंदोलन में प्रतिदिन बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक शामिल होकर अपने अधिकारों की आवाज बुलंद कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि बस्ती में रहने वाले अधिकांश परिवार वर्षों से यहां निवास कर रहे हैं और उनकी आजीविका भी इसी क्षेत्र से जुड़ी हुई है।

वार्ड क्रमांक 52 के पार्षद दिलीप पाटिल ने भी आंदोलनकारियों की मांगों का समर्थन करते हुए कहा कि क्षेत्रवासियों की समस्याओं को लेकर कई बार नगर निगम प्रशासन एवं शासन को ज्ञापन सौंपे जा चुके हैं। उन्होंने मांग की कि प्रशासन प्रभावित परिवारों के हितों को ध्यान में रखते हुए सकारात्मक पहल करे।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि अनेक बार आवेदन और शिकायतें दिए जाने के बावजूद अब तक कोई स्पष्ट निर्णय सामने नहीं आया है, जिससे लोगों में असंतोष बढ़ता जा रहा है। आंदोलनकारियों ने प्रशासन से संवाद स्थापित कर स्थायी समाधान निकालने की मांग की है।

प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि जब तक बस्तीवासियों के अधिकारों की सुरक्षा, पुनर्वास और भविष्य को लेकर स्पष्ट निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने शासन और प्रशासन से संवेदनशीलता के साथ मामले का समाधान करने की अपील की है।


Social Activity BSP👈

रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद








Click here 👆👆

Post a Comment

Previous Post Next Post