मछली चोरी पकड़ने की रंजिश में बांध के चौकीदार की हत्या, 24 घंटे के भीतर तीन आरोपी गिरफ्तार

Social Activity BSP


बिलासपुर (Social Activity BSP) । रतनपुर थाना क्षेत्र के खूंटाघाट बांध में मछली चोरी का विरोध करना एक चौकीदार को भारी पड़ गया। मछली चोरी करते हुए पकड़े जाने और शिकायत किए जाने की रंजिश में आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से बांध के चौकीदार की हत्या कर दी। मामले में रतनपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के महज 24 घंटे के भीतर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में कान्हा धीवर उर्फ गोलू (34 वर्ष), अनिश धीवर उर्फ छोटू (22 वर्ष) और शुभम प्रधान उर्फ शोभू (21 वर्ष) शामिल हैं। तीनों नवागांव (गिरजाबंद), थाना रतनपुर के निवासी हैं।

पुलिस ने बताया कि 12 जुलाई 2026 को प्रार्थी श्याम सिंह पोर्ते ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट के अनुसार, वह और मृतक तिरिथ राम यादव खूंटाघाट बांध में चौकीदार के रूप में कार्यरत थे। कुछ दिन पहले ड्यूटी के दौरान दोनों ने आरोपियों को बांध में मछली चोरी करते हुए पकड़ लिया था। इस दौरान तिरिथ राम ने चोरी का वीडियो भी बना लिया था। आरोप है कि पकड़े जाने पर गोलू और अनिश ने तिरिथ राम का मोबाइल फोन तोड़ दिया था।

मामले की शिकायत थाने में होने के बाद आरोपियों ने मोबाइल बनवाने का आश्वासन देकर समझौता कर लिया था, लेकिन बाद में मोबाइल नहीं बनवाया। इसी बात को लेकर तिरिथ राम यादव, श्याम सिंह पोर्ते और विक्की ठाकुर आरोपियों के घर गए थे। पुलिस के अनुसार, इसी घटना के बाद आरोपी तिरिथ राम और श्याम सिंह से रंजिश रखने लगे और दोनों की हत्या की योजना बनाई।

11 जुलाई की रात जब तिरिथ राम यादव और श्याम सिंह पोर्ते मोटरसाइकिल से खूंटाघाट बांध की ड्यूटी पर जा रहे थे, तभी आरोपियों ने अपनी स्कॉर्पियो वाहन उनकी मोटरसाइकिल के सामने अड़ा दी। बाइक गिरने के बाद तीनों आरोपियों ने डंडों से दोनों पर हमला कर दिया। हमले के दौरान श्याम सिंह किसी तरह अपनी जान बचाकर मौके से भाग निकला, जबकि तिरिथ राम यादव को आरोपियों ने बेरहमी से पीटकर मौत के घाट उतार दिया।

घटना की सूचना मिलते ही थाना रतनपुर में हत्या का मामला दर्ज किया गया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों की घेराबंदी कर गिरफ्तारी की। पूछताछ के बाद आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय, उपनिरीक्षक विष्णु यादव, आरक्षक आकाश डोंगरे, पवन सिंह एवं धीरज कश्यप की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई जारी है।

Social Activity BSP👈

रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद








Click here 👆👆

Post a Comment

Previous Post Next Post