Social Activity BSP
बिलासपुर, 14 अगस्त 2026 (Social Activity BSP) । हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत शुक्रवार, 14 अगस्त 2026 को एसईसीएल मुख्यालय स्थित वसंत विहार कॉलोनी में भव्य तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान, राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित इस रैली में एसईसीएल के बड़ी संख्या में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पूरे उत्साह और जोश के साथ सहभागिता की।
तिरंगा रैली को एसईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक श्री हरीश दुहन, निदेशक (तकनीकी/संचालन) श्री एन. फ्रैंकलिन जयकुमार, निदेशक (मानव संसाधन) श्री बिरंची दास, मुख्य सतर्कता अधिकारी श्री हिमांशु जैन तथा निदेशक (तकनीकी/योजना एवं परियोजना) श्री रमेश चन्द्र महापात्र ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर सभी वरिष्ठ अधिकारी स्वयं भी रैली में शामिल हुए और प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
रैली का शुभारंभ एसईसीएल डीएवी पब्लिक स्कूल, वसंत विहार से हुआ और इसका समापन रवीन्द्र भवन, वसंत विहार में हुआ। हाथों में तिरंगा थामे प्रतिभागियों ने पूरे मार्ग में देशभक्ति के नारों के साथ उत्साहपूर्वक मार्च किया। रैली के दौरान पूरा परिसर राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।
रैली के माध्यम से नागरिकों को राष्ट्रध्वज के सम्मान, राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता के साथ-साथ देश के प्रति अपने कर्तव्यों के निर्वहन के लिए जागरूक होने का संदेश दिया गया। प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ “हर घर तिरंगा – हर दिल तिरंगा” के संकल्प को दोहराया और देश के प्रति अपने गौरव, सम्मान एवं समर्पण की भावना व्यक्त की।
इस आयोजन ने एसईसीएल मुख्यालय परिसर में देशभक्ति का जीवंत वातावरण निर्मित किया तथा अधिकारियों एवं कर्मचारियों में राष्ट्रप्रेम और तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को और अधिक प्रगाढ़ किया। रैली ने यह संदेश भी दिया कि राष्ट्रध्वज केवल हमारी आन-बान-शान का प्रतीक ही नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतिनिधित्व करता है।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद
Click here 👆👆







.jpeg)

