बस्तर ओलंपिक 2025: 11 से 13 दिसंबर तक संभाग स्तरीय प्रतियोगिताएँ, तैयारियों की उच्चस्तरीय समीक्षा जारी

Social Activity BSP



रायपुर, 30 नवंबर: बस्तर ओलंपिक-2025 के संभाग स्तरीय प्रतियोगिताओं की तैयारियों को लेकर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। प्रतियोगिताएँ 11 से 13 दिसंबर तक जगदलपुर में आयोजित होंगी, जिनमें जिला स्तरीय मुकाबलों के करीब तीन हजार विजेता खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। इस बार लगभग 500 नक्सल पीड़ित और पुनर्वासित नक्सली भी विभिन्न स्पर्धाओं में भाग लेकर मुख्यधारा से जुड़ने का संदेश देंगे।

रायपुर के सिविल लाइन स्थित निवास में आयोजित बैठक में विभागीय सचिव यशवंत कुमार मौजूद रहे। संभागायुक्त डोमन सिंह, पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी., बस्तर संभाग के सभी जिलों के कलेक्टर, जिला पंचायत सीईओ और खेल अधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े।

मंत्री अरुण साव ने कहा कि बस्तर ओलंपिक सिर्फ खेल आयोजन नहीं, बल्कि विकास, ऊर्जा और सांस्कृतिक पुनर्जागरण का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन बस्तर के युवाओं को नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और सकारात्मक दिशा प्रदान कर रहा है। उन्होंने आयोजन स्थलों, खिलाड़ियों की आवासीय व्यवस्था, भोजन, परिवहन, सुरक्षा, साफ-सफाई और सांस्कृतिक कार्यक्रमों सहित सभी तैयारियों को उच्च स्तर का बनाने के निर्देश दिए, ताकि इस आयोजन का संदेश देश-दुनिया में सकारात्मक रूप से जाए।

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि सभी विभाग अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए इस आयोजन को यादगार बनाएं। उन्होंने सुझाव दिया कि पिछली बार और इस बार के विजेता खिलाड़ियों को यूथ आइकॉन बनाकर अधिकतम गतिविधियों में शामिल किया जाए ताकि अन्य युवा प्रेरित हों। साथ ही उन्होंने ज्यादा से ज्यादा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को भी इस आयोजन से जोड़ने की बात कही।

बस्तर जिले के प्रभारी खेल अधिकारी ऋषिकेश तिवारी ने बताया कि इस बार बस्तर ओलंपिक में भाग लेने के लिए 3 लाख 91 हजार से अधिक प्रतिभागियों ने पंजीयन कराया था। दस हजार से ज्यादा खिलाड़ियों ने जिला स्तरीय मुकाबलों में भाग लिया, जिनमें से करीब तीन हजार अब संभाग स्तरीय स्पर्धाओं में उतरेंगे। प्रतिभागी 11 खेलों — एथलेटिक्स, तीरंदाजी, बैडमिंटन, फुटबॉल, हॉकी, वेटलिफ्टिंग, कराटे, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल और रस्साकशी में अपना कौशल दिखाएँगे।

तिवारी ने बताया कि संभाग स्तरीय आयोजन के लिए फुटबॉल, वॉलीबॉल, कराटे, वेटलिफ्टिंग और बैडमिंटन की प्रतियोगिताएँ सिटी ग्राउंड में होंगी। पंडरीपानी स्थित खेलो इंडिया सेंटर में हॉकी के मैच खेले जाएंगे, जबकि धरमपुरा स्थित स्पोर्ट्स परिसर में कबड्डी, खो-खो, एथलेटिक्स, आर्चरी और रस्साकशी की स्पर्धाएँ होंगी।


Social Activity BSP👈

रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद








Click here 👆👆

Post a Comment

Previous Post Next Post