Social Activity BSP
बलौदाबाजार (Social Activity BSP)। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने ही पति की कुल्हाड़ी से बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस ने इस सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए पत्नी और उसके प्रेमी — दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, मृतक अमृत गिरी, ग्राम वटगन निवासी और पेशे से फल विक्रेता था। उसकी पत्नी चंद्रिका गिरी की इंस्टाग्राम पर एक युवक से जान-पहचान हुई थी, जो उम्र में उसके बेटे के बराबर बताया जा रहा है। धीरे-धीरे यह ऑनलाइन दोस्ती प्रेम संबंध में बदल गई। दोनों के बीच छिपकर मुलाकातें होने लगीं।
जब पति को पत्नी के अवैध संबंधों पर शक हुआ तो घर में झगड़े बढ़ने लगे। इससे तंग आकर चंद्रिका ने अपने प्रेमी टुन्ना कुमार शर्मा (बिहार निवासी) के साथ मिलकर पति को रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली।
फिल्मी अंदाज में रची गई हत्या की कहानी
घटना 25 अक्टूबर की बताई जा रही है। उसी दिन चंद्रिका अपने प्रेमी टुन्ना को चेन्नई से रायपुर बुलाकर खुद एयरपोर्ट से लेने गई। शाम को दोनों गांव वटगन पहुंचे, जहां महिला ने प्रेमी को घर की छत में छिपा दिया और खुद बच्चों को लेकर पास के गांव लेटरा में आयोजित एक आर्केस्ट्रा कार्यक्रम में चली गई।
रात में योजना के अनुसार, आरोपी टुन्ना ने घर में सोए हुए अमृत गिरी पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद टुन्ना वहां से फरार होकर चेन्नई भाग गया।
साइबर सेल की मदद से खुला राज
घटना के बाद जब पुलिस मौके पर पहुंची, तो अमृत गिरी का शव सोफे पर खून से लथपथ मिला। शुरुआत में मामला रहस्यमयी लग रहा था, लेकिन पत्नी चंद्रिका के बयान पुलिस को असंगत लगे। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने हत्या की बात कबूल कर ली और पूरा षड्यंत्र उजागर कर दिया।
पुलिस ने साइबर सेल की मदद से आरोपी प्रेमी टुन्ना कुमार शर्मा का मोबाइल लोकेशन ट्रैक किया और चेन्नई से उसे गिरफ्तार कर लिया। हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली गई है।
सच्चाई ने झकझोर दिया समाज को
फिलहाल दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि यह मामला सोशल मीडिया के अंधेरे पहलू को उजागर करता है — जहाँ एक ऑनलाइन दोस्ती ने एक परिवार तबाह कर दिया और एक निर्दोष की जान ले ली।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद





.jpeg)

