स्वतंत्रता दिवस पर रक्तदान की मिसाल, दो दिवसीय शिविर में 160 यूनिट से अधिक रक्त संग्रह

Social Activity BSP


बिलासपुर (Social Activity BSP)। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर पुलिस कल्याण पेट्रोल पंप, बिलासपुर में मानव सेवा और राष्ट्रसेवा की भावना से प्रेरित होकर बिलासपुर पुलिस एवं यूथ फॉर नेशन फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में दो दिवसीय विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बिलासपुर शहर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई और 160 यूनिट से अधिक रक्तदान कर मानवता और सामाजिक जिम्मेदारी की मिसाल पेश की।

समापन अवसर पर पहुंचे कलेक्टर, एसएसपी और निगम आयुक्त


शिविर के समापन अवसर पर बिलासपुर कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल, एसएसपी श्री रजनीश सिंह एवं नगर पालिक निगम बिलासपुर के आयुक्त श्री प्रकाश सर्वे ने पहुंचकर रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया। अतिथियों ने आयोजन की सराहना करते हुए रक्तदान को मानव सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम बताया और नागरिकों से भी ऐसे पुनीत कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।

पहले दिन पुलिस अधिकारियों की रही मौजूदगी

शिविर के प्रथम दिवस शुभारंभ अवसर पर सीएसपी बिलासपुर श्रीमती मंजुलता केरकेट्टा सहित पुलिस विभाग एवं यातायात पुलिस के अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। वहीं एसएसपी श्री रजनीश सिंह एवं यातायात सीएसपी श्री रामगोपाल करियारे का आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण सहयोग एवं मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।

सामाजिक संगठनों और समाजसेवियों ने निभाई अहम भूमिका

रक्तदान शिविर को सफल बनाने में यूथ फॉर नेशन फाउंडेशन की श्रीमती प्रतिज्ञा सिंह, श्री इंद्राज सिंह, कुमारी सांभवी सिंह सहित पूरी टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसके साथ ही सुकून फाउंडेशन से श्री अली इमरान, श्री शेख सुल्तान, श्री शेख अब्दुल मन्नान तथा अखिल भारतीय मारवाड़ी युवा संघ से श्रीमती श्वेता गोयल सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों, समाजसेवियों और जागरूक नागरिकों का सराहनीय सहयोग मिला।

साई ब्लड बैंक की टीम ने संभाली चिकित्सा व्यवस्था


शिविर में चिकित्सा एवं रक्त संग्रहण की व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संचालित करने में साई ब्लड बैंक के डायरेक्टर श्री सुदर्शन सिंह राजपूत एवं उनकी पूरी टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा। टीम ने पूरी जिम्मेदारी और समर्पण के साथ रक्त संग्रहण एवं आवश्यक चिकित्सा व्यवस्थाओं को संभाला।

इसके साथ ही बिलासपुर पुलिस कल्याण पेट्रोल पंप के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी आयोजन की व्यवस्थाओं को सफल बनाने में विशेष योगदान दिया।

160 यूनिट से अधिक रक्तदान बना मानव सेवा का संदेश








आयोजकों ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल आजादी का उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि राष्ट्र और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को निभाने का भी अवसर है। इसी भावना के साथ रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, ताकि जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने में सहयोग मिल सके।

दो दिनों में 160 यूनिट से अधिक रक्तदान बिलासपुर की जनता की सामाजिक जागरूकता, सेवा भावना और मानवता के प्रति समर्पण को दर्शाता है। प्रत्येक रक्तदाता ने अपने रक्त की एक-एक बूंद के माध्यम से किसी जरूरतमंद के जीवन को बचाने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

आयोजक संस्था की ओर से सभी रक्तदाताओं, सम्माननीय अतिथियों, बिलासपुर पुलिस, यातायात पुलिस, यूथ फॉर नेशन फाउंडेशन, साई ब्लड बैंक की टीम, सहयोगी सामाजिक संस्थाओं, पुलिस कल्याण पेट्रोल पंप के कर्मचारियों एवं बिलासपुर की जागरूक जनता का हृदय से आभार व्यक्त किया गया।

“स्वतंत्रता का उत्सव तभी सार्थक है, जब हमारी आजादी किसी जरूरतमंद के जीवन की उम्मीद बने।”

रक्तदान महादान — रक्तदान जीवनदान।

जय हिंद!


Social Activity BSP👈

रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद








Click here 👆👆

Post a Comment

Previous Post Next Post