स्वतंत्रता दिवस और ईद मिलादुन्नबी पर मानवता की मिसाल, दो दिवसीय रक्तदान शिविर में 160 यूनिट से अधिक रक्त संग्रह

Social Activity BSP


बिलासपुर (Social Activity BSP)। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर एवं ईद मिलादुन्नबी के मुबारक मौके पर मानव सेवा, राष्ट्रसेवा और इंसानियत की भावना को समर्पित करते हुए बिलासपुर पुलिस, यूथ फॉर नेशन फाउंडेशन और सुकून फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में साईं ब्लड एंड कंपोनेंट सेंटर के सहयोग से दो दिवसीय विशाल स्वैच्छिक एवं निशुल्क रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। ईदगाह चौक स्थित पुलिस कल्याण पेट्रोल पंप में आयोजित इस शिविर में बिलासपुर शहर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और 160 यूनिट से अधिक रक्तदान कर मानवता एवं सामाजिक जिम्मेदारी की मिसाल पेश की।

रक्तदान के साथ हुई निशुल्क स्वास्थ्य जांच


शिविर में रक्तदान करने वाले लोगों की हीमोग्लोबिन, ब्लड ग्रुप, वजन सहित अन्य आवश्यक शारीरिक जांच भी निशुल्क की गई। चिकित्सा टीम ने रक्तदाताओं की आवश्यक जांच के बाद सुरक्षित तरीके से रक्त संग्रहण की व्यवस्था की। आयोजन का उद्देश्य लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक करना और जरूरतमंद मरीजों, विशेषकर गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने में सहयोग देना रहा।

समापन अवसर पर कलेक्टर, एसएसपी और निगम आयुक्त पहुंचे










दो दिवसीय शिविर के समापन अवसर पर बिलासपुर कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल, एसएसपी श्री रजनीश सिंह एवं नगर पालिक निगम बिलासपुर के आयुक्त श्री प्रकाश सर्वे शिविर में पहुंचे। अधिकारियों ने रक्तदाताओं से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया और आयोजन की सराहना की। उन्होंने कहा कि रक्तदान मानव सेवा का ऐसा कार्य है, जिससे किसी जरूरतमंद व्यक्ति का जीवन बचाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है। उन्होंने नागरिकों से भी भविष्य में ऐसे सामाजिक एवं जनहितकारी अभियानों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।

पहले दिन पुलिस अधिकारियों की रही मौजूदगी

शिविर के प्रथम दिवस शुभारंभ अवसर पर सीएसपी बिलासपुर श्रीमती मंजुलता केरकेट्टा सहित पुलिस विभाग एवं यातायात पुलिस के अधिकारी मौजूद रहे। वहीं एसएसपी श्री रजनीश सिंह एवं यातायात सीएसपी श्री रामगोपाल करियारे का आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण सहयोग एवं मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। कार्यक्रम के दौरान यातायात अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री राम गोपाल करियारे ने भी रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए इस पहल की सराहना की।

सामाजिक संगठनों और समाजसेवियों ने निभाई महत्वपूर्ण भूमिका





रक्तदान शिविर को सफल बनाने में यूथ फॉर नेशन फाउंडेशन की श्रीमती प्रतिज्ञा सिंह, श्री इंद्राज सिंह, कुमारी सांभवी सिंह सहित पूरी टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं सुकून फाउंडेशन की ओर से श्री अली इमरान, श्री शेख सुल्तान, श्री शेख अब्दुल मन्नान सहित टीम का सक्रिय सहयोग रहा। इसके साथ ही अखिल भारतीय मारवाड़ी युवा मंच से श्रीमती श्वेता गोयल सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों, समाजसेवियों और जागरूक नागरिकों ने भी शिविर को सफल बनाने में अपना योगदान दिया।

2017 से समाजसेवा में सक्रिय है सुकून फाउंडेशन


सुकून फाउंडेशन द्वारा हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी ईद मिलादुन्नबी के मुबारक मौके पर रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। संस्था वर्ष 2017 से लगातार जमीनी स्तर पर जरूरतमंद लोगों की मदद और सामाजिक कार्यों में सक्रिय है। फाउंडेशन द्वारा जरूरतमंद परिवारों तक राशन पहुंचाने, बाढ़ पीड़ितों की सहायता सहित विभिन्न सामाजिक एवं मानवीय सेवाएं की जाती रही हैं।

सुकून फाउंडेशन के संस्थापक शेख अब्दुल मन्नान ने कहा कि संस्था भविष्य में भी इसी तरह जरूरतमंदों की मदद और समाजसेवा के कार्यों को निरंतर जारी रखेगी। उन्होंने कहा कि मानव सेवा के इस अभियान को आने वाले समय में और व्यापक रूप देने का प्रयास किया जाएगा।

एक यूनिट रक्त किसी की जिंदगी बचाने में बन सकती है मददगार







सुकून फाउंडेशन के मुख्य सलाहकार मोहम्मद अली इमरान ने रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि रक्तदान आम नागरिकों के लिए भी बेहद महत्वपूर्ण सामाजिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद मरीज के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। विशेष रूप से सिकल सेल के मरीजों एवं अन्य गंभीर रोगों से जूझ रहे मरीजों के लिए समय पर रक्त की उपलब्धता बेहद जरूरी होती है।

उन्होंने लोगों से अपील की कि जो स्वस्थ और पात्र व्यक्ति हैं, वे रक्तदान के लिए आगे आएं और जरूरतमंद मरीजों की जिंदगी बचाने में अपना योगदान दें।

साईं ब्लड बैंक की टीम ने संभाली चिकित्सा व्यवस्था




साईं ब्लड एंड कंपोनेंट सेंटर के डायरेक्टर श्री सुदर्शन सिंह राजपूत एवं उनकी पूरी टीम ने शिविर में रक्त संग्रहण और चिकित्सा व्यवस्था को सुचारू रूप से संचालित किया। श्री राजपूत ने आम नागरिकों से रक्तदान के लिए आगे आने की अपील करते हुए कहा कि रक्तदान के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों की जिंदगी बचाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।

उन्होंने बताया कि रक्त की आवश्यकता कई प्रकार के मरीजों को पड़ती है और समय पर रक्त उपलब्ध होना उनके उपचार में बेहद महत्वपूर्ण होता है। ऐसे में स्वस्थ नागरिकों को रक्तदान के प्रति जागरूक होकर इस नेक कार्य में सहभागिता करनी चाहिए।

160 यूनिट से अधिक रक्तदान ने दिया सेवा और इंसानियत का संदेश

दो दिवसीय इस रक्तदान शिविर में 160 यूनिट से अधिक रक्त संग्रह होना बिलासपुर की जनता की सामाजिक जागरूकता, सेवा भावना और मानवता के प्रति समर्पण को दर्शाता है। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित इस अभियान ने यह संदेश दिया कि आजादी का उत्सव केवल जश्न मनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाना भी सच्ची देशभक्ति है।

वहीं ईद मिलादुन्नबी के मुबारक मौके पर आयोजित इस पहल ने इंसानियत, भाईचारे और जरूरतमंदों की मदद का संदेश भी दिया। रक्तदान करने वाले प्रत्येक व्यक्ति ने अपने योगदान के माध्यम से किसी अनजान जरूरतमंद के जीवन में उम्मीद की एक नई किरण जोड़ने का प्रयास किया।












आयोजकों ने सभी रक्तदाताओं, अतिथियों, बिलासपुर पुलिस, यातायात पुलिस, यूथ फॉर नेशन फाउंडेशन, सुकून फाउंडेशन, साईं ब्लड एंड कंपोनेंट सेंटर की पूरी टीम, सहयोगी सामाजिक संस्थाओं, पुलिस कल्याण पेट्रोल पंप के अधिकारियों-कर्मचारियों एवं बिलासपुर की जागरूक जनता का हृदय से आभार व्यक्त किया।

“स्वतंत्रता का उत्सव तभी सार्थक है, जब हमारी आजादी किसी जरूरतमंद के जीवन की उम्मीद बने।”

रक्तदान महादान — रक्तदान जीवनदान।

जय हिंद!

Social Activity BSP👈

रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद








Click here 👆👆

Post a Comment

Previous Post Next Post