साइबर जागृति अभियान: सी.एम. दुबे पीजी कॉलेज में विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव का दिया संदेश

Social Activity BSP


बिलासपुर, 18 अगस्त 2026 (Social Activity BSP) । बिलासपुर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे साइबर जागृति अभियान के तहत सी.एम. दुबे पीजी कॉलेज, बिलासपुर में विद्यार्थियों के लिए साइबर अपराधों से बचाव और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार को लेकर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को साइबर अपराधियों के नए-नए तरीकों से अवगत कराते हुए सतर्क और जागरूक रहने की अपील की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह ने कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में इंटरनेट, स्मार्टफोन और ऑनलाइन सेवाएं हमारी रोजमर्रा की जिंदगी का अभिन्न हिस्सा बन चुकी हैं। डिजिटल सुविधाओं के बढ़ते उपयोग के साथ साइबर अपराधों का खतरा भी लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में प्रत्येक नागरिक, विशेषकर युवाओं का साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक और सतर्क रहना बेहद जरूरी है।

एसएसपी श्री सिंह ने विद्यार्थियों को OTP फ्रॉड, UPI फ्रॉड, फर्जी लिंक, APK फाइल, सोशल मीडिया फ्रॉड, ऑनलाइन ठगी, साइबर ब्लैकमेलिंग और डिजिटल अरेस्ट जैसे साइबर अपराधों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने समझाया कि साइबर अपराधी लोगों को झांसे में लेने के लिए लगातार नए तरीके अपना रहे हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, PIN, पासवर्ड, CVV अथवा बैंक खाते से जुड़ी गोपनीय जानकारी साझा न करें और किसी संदिग्ध लिंक या APK फाइल को बिना जांचे डाउनलोड न करें।

उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार हो जाता है तो घबराने के बजाय तत्काल कार्रवाई करना चाहिए। पीड़ित व्यक्ति साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर तत्काल शिकायत दर्ज कराए, ताकि समय रहते ठगी की राशि को रोकने की संभावना बढ़ सके।

एसएसपी ने कहा कि “साइबर सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।” उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं साइबर जागरूक बनने के साथ-साथ अपने परिवार, मित्रों और समाज के अन्य लोगों को भी साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।

जागरूकता सेल्फी के जरिए दिया साइबर सुरक्षा का संदेश

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को ‘जागरूकता सेल्फी’ लेने और उसे WhatsApp, Facebook एवं Instagram के स्टेटस के माध्यम से साझा कर अपने आसपास के लोगों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक एवं सतर्क करने के लिए प्रेरित किया गया। एसएसपी की अपील पर सैकड़ों विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक जागरूकता सेल्फी अभियान में हिस्सा लिया और साइबर सुरक्षा का संदेश अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से प्रसारित किया।

कार्यक्रम में जिलाधीश बिलासपुर डॉ. संजय अग्रवाल, उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्रीमती मधुलिका सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) श्री रामगोपाल करियारे, महाविद्यालय के चेयरमैन संजय दुबे, प्राचार्य, प्राध्यापकगण, पुलिस अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने, साइबर अपराधों की पहचान करने और किसी भी प्रकार की ऑनलाइन ठगी की स्थिति में तत्काल शिकायत करने के लिए प्रेरित किया गया। बिलासपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि वे स्वयं जागरूक रहें और दूसरों को भी जागरूक कर साइबर अपराध मुक्त समाज के निर्माण में भागीदार बनें।

सतर्क रहें, जागरूक रहें — बिलासपुर पुलिस

Social Activity BSP👈

रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद








Click here 👆👆

Post a Comment

Previous Post Next Post