Social Activity BSP
रायपुर, 08 जनवरी (Social Activity BSP)।
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के अमलीडीह इलाके से एक बेहद दुखद और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। मारुति रेसिडेंसी में रहने वाली 18 वर्षीय युवती की बुधवार को अपने ही घर में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी और शोक का माहौल है। मामला राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र का है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान अमीना पटेल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोपहर के समय वह अपने कमरे में अकेली थी। इसी दौरान उसकी मां को पुलिस पूछताछ के लिए थाने ले जाया गया था। परिजनों का आरोप है कि इसी घटनाक्रम के चलते युवती मानसिक तनाव में आ गई।
कुछ समय बाद पड़ोसियों को घर के भीतर असामान्य स्थिति का अंदेशा हुआ। दरवाजा खोलने पर युवती अचेत अवस्था में मिली, जिसके बाद उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मृतका के पिता महेंद्र पटेल के खिलाफ वर्ष 2022 में मंदिर हसौद थाने में नारकोटिक्स एक्ट के तहत मामला दर्ज है। कोर्ट से कई बार वारंट जारी होने के बावजूद वे फरार बताए जा रहे हैं। इसी सिलसिले में जानकारी जुटाने के लिए पुलिस ने उनकी पत्नी को महिला थाने बुलाया था।
बताया जा रहा है कि अमीना अपने माता-पिता की इकलौती संतान थी। घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए निष्पक्ष जांच की जाएगी और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद





.jpeg)

