Social Activity BSP
बिलासपुर। न्यायधानी बिलासपुर में एक बार फिर चाकूबाजी की दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत सर्कंडा के रिवर व्यू रोड स्थित हैप्पी स्ट्रीट के पास शुक्रवार शाम एक युवक की पुरानी रंजिश के चलते चाकू गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान चाटीडीह निवासी सानू उर्फ अमन खान (27 वर्ष) के रूप में हुई है। इस वारदात के बाद पूरे शहर में सनसनी फैल गई है और लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।
Source : Social Activity BSP(Instagram)
मिली जानकारी के अनुसार, सानू उर्फ अमन खान का कुछ स्थानीय युवकों के साथ लंबे समय से विवाद चल रहा था, जिसकी शिकायत पहले भी थाने में की गई थी। परिजनों और स्थानीय लोगों का आरोप है कि विवाद की सूचना पुलिस को पहले से दी गई थी, इसके बावजूद समय रहते कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
शुक्रवार शाम करीब 6 से 6:30 बजे के बीच सानू को धोखे से हैप्पी स्ट्रीट की ओर बुलाया गया, जहां पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने उस पर अचानक चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावरों ने बेहद बेरहमी से हमला किया और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल सानू सड़क पर गिर पड़ा।
FIR(Image)
Source: Social Activity BSP
घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी गई। सिटी कोतवाली पुलिस ने तत्काल एंबुलेंस की मदद से युवक को सिम्स अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पंचनामा कार्रवाई पूरी की और शव को पोस्टमार्टम के लिए मरच्यूरी भेज दिया। देर रात तक पुलिस टीम घटनास्थल और आसपास के इलाकों में साक्ष्य जुटाने में लगी रही।
इस जघन्य हत्या के विरोध में बड़ी संख्या में लोग सिटी कोतवाली थाने पहुंचे और न्याय की मांग को लेकर एकत्रित हुए। लोगों की मांग है कि सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दी जाए, ताकि पीड़ित परिवार को इंसाफ मिल सके।
बताया जा रहा है कि इस हत्या में सैफू खान, विकास तिवारी, रवि गडेवाल, अमन बंगड़ा समेत कई अन्य लोग शामिल थे। इस मामले में डीएसपी (DSP) बिलासपुर ने बताया कि अब तक दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है। इस हत्या के बाद से पूरे शहर में दहशत का माहौल है और कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद







.jpeg)

