Social Activity BSP
बिलासपुर। वर्ष 2018 में हुए छत्तीसगढ़ राज्यसभा चुनाव को लेकर दायर चुनाव याचिका की सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ता कांग्रेस प्रत्याशी की ओर से प्रस्तुत किए गए सभी नौ गवाहों की गवाही पूरी हो चुकी है। अब इस मामले में प्रतिवादी पक्ष भाजपा नेत्री सरोज पांडेय एवं उनके समर्थकों की ओर से गवाहों की गवाही दर्ज की जाएगी।
गौरतलब है कि मार्च 2018 में छत्तीसगढ़ से राज्यसभा की एक सीट के लिए चुनाव संपन्न हुआ था। इस चुनाव में भाजपा की ओर से सरोज पांडेय तथा कांग्रेस की ओर से लेखराम साहू उम्मीदवार थे। चुनाव परिणाम में सरोज पांडेय को विजयी घोषित किया गया था, जिसके बाद पराजित कांग्रेस प्रत्याशी लेखराम साहू ने उनके निर्वाचन को चुनौती देते हुए हाईकोर्ट में चुनाव याचिका दायर की थी।
चुनाव प्रक्रिया के दौरान कांग्रेस प्रत्याशी की ओर से सरोज पांडेय के नामांकन पत्र एवं शपथ पत्र पर आपत्ति दर्ज कराई गई थी। आरोप लगाया गया था कि शपथ पत्र में कई महत्वपूर्ण जानकारियाँ छिपाई गई हैं। हालांकि, तत्कालीन निर्वाचन अधिकारी ने इन आपत्तियों को खारिज कर दिया था। इसके बाद मामला केंद्रीय चुनाव आयोग एवं राज्यपाल तक भी पहुंचा, लेकिन तय कार्यक्रम के अनुसार मतदान संपन्न हुआ और सरोज पांडेय को विजयी घोषित कर दिया गया।
चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद लेखराम साहू ने हाईकोर्ट में याचिका दाखिल करते हुए शपथ पत्र में गलत जानकारी देने तथा कथित रूप से अपात्र विधायकों को मतदान की अनुमति दिए जाने का आरोप लगाया। याचिका में भाजपा के 11 विधायकों पर संसदीय सचिव पद तथा 7 विधायकों पर निगम-मंडलों में अध्यक्ष या उपाध्यक्ष पद पर रहते हुए लाभ का पद धारण करने का आरोप लगाया गया था। इस आधार पर कुल 18 विधायकों को मतदान से वंचित किए जाने की मांग की गई थी, जिसे राज्यसभा निर्वाचन अधिकारी ने उस समय अस्वीकार कर दिया था।
मामले की सुनवाई के दौरान विधानसभा के तत्कालीन महासचिव चंद्रशेखर गंगराड़े की भी गवाही दर्ज की गई। इसके साथ ही याचिकाकर्ता पक्ष की ओर से प्रस्तुत किए जाने वाले सभी नौ गवाहों की गवाही पूरी हो चुकी है। वहीं, प्रतिवादी सरोज पांडेय की ओर से उनके अधिवक्ता ने शपथ पत्र एवं संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए न्यायालय से दो सप्ताह का समय मांगा, जिसे स्वीकार कर लिया गया है। अब आगामी सुनवाई में प्रतिवादी पक्ष एवं उनके गवाहों की गवाही दर्ज की जाएगी।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद




.jpeg)

