Social Activity BSP
जांजगीर-चांपा, 25 जनवरी (Social Activity BSP)।
छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में नशे में वाहन चलाने की लापरवाही का गंभीर मामला सामने आया है। बम्हनीडीह ब्लॉक के गोविंदा गांव स्थित बस स्टैंड मोड़ के पास शनिवार दोपहर शराब के नशे में धुत एक ट्रक चालक ने जमकर तांडव मचा दिया।
जानकारी के अनुसार, चांपा रोड की ओर से चावल से भरा ट्रक क्रमांक CG 11 AH 7770 तेज रफ्तार में आ रहा था। अनियंत्रित ट्रक ने पहले एक ईको वाहन को टक्कर मारी, फिर 11 केवी विद्युत लाइन के खंभे को तोड़ दिया। इसके बाद ट्रक एक घर के अहाते को क्षतिग्रस्त करते हुए सीधे खेत में जाकर पलट गया।
हादसे में ट्रक चालक को मामूली चोटें आई हैं, लेकिन ट्रक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि चालक शराब के नशे में था और तेज रफ्तार के कारण वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिससे यह हादसा हुआ।
गनीमत यह रही कि घटना के समय सड़क पर कोई राहगीर मौजूद नहीं था, अन्यथा बड़ा जानलेवा हादसा हो सकता था। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
यह घटना एक बार फिर सड़कों पर नशे में वाहन चलाने वालों की गंभीर लापरवाही को उजागर करती है। यदि ऐसे चालकों पर समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं की गई, तो भविष्य में इससे भी बड़ी जनहानि हो सकती है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद





.jpeg)

