Social Activity BSP
बालोद, 25 जनवरी (Social Activity BSP)।
छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। डौंडीलोहारा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गुरामी के जंगल में शनिवार को एक मजदूरी करने वाली महिला का सड़ा-गला शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने शव की पहचान बुढ़ापारा, बालोद निवासी 35 वर्षीय कमलाबाई राजपूत के रूप में की है।
महिला की पहचान उसके हाथ पर बने KL टैटू (गोदना) के आधार पर उसके भाई ने की। जानकारी के अनुसार, कमलाबाई पिछले करीब 10 वर्षों से अपने मायके में रहकर मजदूरी कर जीवनयापन कर रही थी।
परिजनों ने बताया कि वह शुक्रवार को मोबाइल फोन लेकर घर से निकली थी, लेकिन इसके बाद उसका फोन रिसीव नहीं हुआ और अगले दिन मोबाइल बंद हो गया। दो दिन तक खोजबीन के बाद परिजनों ने डौंडीलोहारा थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
शनिवार को गुरामी गांव के पास बांध क्षेत्र के जंगल में झाड़ियों और पत्थरों के बीच महिला का शव मिलने से हत्या की आशंका जताई जा रही है। शव की हालत अत्यंत खराब होने के कारण पहचान करना मुश्किल हो गया था। मौके से पुलिस को कोई मोबाइल फोन या पहचान पत्र बरामद नहीं हुआ है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि संभवतः महिला की हत्या कहीं और कर शव को जंगल में फेंका गया है। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और स्थानीय लोगों के बयान के आधार पर मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद





.jpeg)

