Social Activity BSP
जशपुर, 23 जनवरी (Social Activity BSP)।
जशपुर जिले के पत्थलगांव में शुक्रवार सुबह एक बड़ी आगजनी की घटना सामने आई। पुराने अस्पताल के सामने स्थित संदीप एजेंसी नामक किराना थोक दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। आग लगते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग मौके पर जुट गए।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और दुकान में रखा किराना सामान जलकर खाक हो गया। इस हादसे में लाखों रुपए के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
दमकल की टीम ने घंटों की मशक्कत के बाद पाया काबू
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग पर काबू पाने में काफी समय लगा, लेकिन राहत की बात यह रही कि किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है।
फिलहाल पुलिस और दमकल विभाग द्वारा मामले की जांच की जा रही है। समय रहते कार्रवाई होने से आग आसपास की दुकानों तक फैलने से रोक ली गई।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद





.jpeg)

