बिलासपुर में ड्रग्स बरामदगी पर साजिश का आरोप, तलाक विवाद से जुड़ा मामला; एसपी से निष्पक्ष जांच की मांग

Social Activity BSP



बिलासपुर। सरकण्डा क्षेत्र में नशीले पदार्थ की कथित बरामदगी का मामला अब नए मोड़ पर पहुंच गया है। बंधवापारा, सरकण्डा निवासी श्रेया सिंह और श्रेणी सिंह सहित पड़ोसियों ने पुलिस अधीक्षक को लिखित आवेदन सौंपकर दावा किया है कि उनकी मां शिवरानी सिंह को साजिशन फंसाया गया है। शिकायत में लंबे समय से चल रहे पारिवारिक विवाद और न्यायालय में लंबित तलाक प्रकरण का भी उल्लेख किया गया है।

12 वर्षों से लंबित है तलाक प्रकरण

आवेदन के अनुसार, शिवरानी सिंह और रामकिशोर सिंह ठाकुर के बीच पिछले 12 वर्षों से तलाक का मामला न्यायालय में विचाराधीन है। शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि कोर्ट के बाहर कथित रूप से केस वापस लेने का दबाव बनाया गया और अन्यथा किसी अन्य मामले में फंसाने की धमकी दी गई।

शादी में गए थे परिजन, पांच दिन बंद रहा घर

परिवार का कहना है कि सभी सदस्य एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए पांच दिनों तक घर से बाहर थे। इस दौरान आरोप है कि एक पुलिसकर्मी के माध्यम से घर की छत पर मंदिर के ऊपर एक थैले में चार डिब्बों में भरा नशीला पदार्थ रखवाया गया।

परिवार के लौटने के बाद बच्चों ने पतंग निकालते समय थैला देखा और उसे घर के बाहर गेट के पास रख दिया, यह सोचकर कि सुबह कचरा वाहन में डाल देंगे।

15 फरवरी को पुलिस की दबिश

आवेदन में उल्लेख है कि 15 फरवरी 2026 की सुबह करीब 7:30 बजे पुलिस टीम ने घर पर रेड की। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि पुलिस सीधे उसी थैले तक पहुंची और शिवरानी सिंह से उसे खुलवाया, जिसमें कथित रूप से नशीला पदार्थ मिला।

परिवार ने सवाल उठाया है कि यदि यह बरामदगी थी, तो घर के अन्य हिस्सों की तलाशी क्यों नहीं ली गई और पुलिस को पहले से थैले की जानकारी कैसे थी।

मेडिकल स्टोर, सीसीटीवी और कॉल डिटेल जांच की मांग

शिकायत में रामकिशोर सिंह ठाकुर का नाम लेते हुए कहा गया है कि उनका अशोक नगर क्षेत्र में “श्री मेडिकल स्टोर्स” नाम से व्यवसाय है। परिवार ने आशंका जताई है कि बरामद सामग्री दुकान से लाई गई हो सकती है।

पुलिस अधीक्षक से मेडिकल स्टोर के सीसीटीवी फुटेज की जांच, संबंधित पुलिसकर्मी और आरोपी पक्ष के मोबाइल कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) की जांच कराने की मांग की गई है।

सुरक्षा को लेकर चिंता

आवेदन में यह भी उल्लेख है कि घर में दो नाबालिग बेटियां रहती हैं। परिवार ने सुरक्षा को लेकर आशंका जताते हुए किसी अप्रिय घटना की संभावना से इनकार नहीं किया है।

एसपी से निष्पक्ष जांच की मांग

16 फरवरी 2026 को दिए गए आवेदन में पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने और संबंधित व्यक्तियों की भूमिका स्पष्ट करने की मांग की गई है।

मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। फिलहाल पुलिस प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।


Social Activity BSP👈

रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद








Click here 👆👆

Post a Comment

Previous Post Next Post