Social Activity BSP
बिलासपुर, 16 फरवरी। न्यायधानी बिलासपुर के सिरगिट्टी थाना क्षेत्र अंतर्गत मन्नाडोल इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक युवक पर अपने ही 70 वर्षीय पिता की हत्या करने का आरोप है। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह ग्रामीणों ने एक युवक को संदिग्ध हालत में गांव में घूमते देखा। उसके व्यवहार पर संदेह होने पर पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान हत्या की वारदात का खुलासा हुआ।
पुलिस जब आरोपी के घर पहुंची तो भीतर 70 वर्षीय मनराखन ध्रुव मृत अवस्था में मिले। प्रारंभिक जांच में उनके बेटे नीतू ध्रुव पर हत्या का आरोप सामने आया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, क्षेत्रवासियों से मिली जानकारी में सामने आया है कि आरोपी का व्यवहार लंबे समय से असामान्य बताया जा रहा था और घर में अक्सर तनाव की स्थिति बनी रहती थी। हालांकि, हत्या के पीछे के वास्तविक कारणों की जांच जारी है।
घटना के बाद पूरे इलाके में सन्नाटा और दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने कभी ऐसी घटना की कल्पना भी नहीं की थी।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी से पूछताछ जारी है। मामले की विस्तृत विवेचना की जा रही है, जिसमें पारिवारिक परिस्थितियों और मानसिक स्थिति से जुड़े पहलुओं की भी जांच की जा रही है। फिलहाल आरोपी पुलिस हिरासत में है।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद





.jpeg)

