Social Activity BSP
बिलासपुर, 15 फरवरी। शहर में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए बिलासपुर ट्रैफिक पुलिस ने सख्त अभियान चलाया है। विशेष चेकिंग ड्राइव के दौरान नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों पर व्यापक कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, जनवरी से अब तक मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत शराब पीकर वाहन चलाने वाले 450 से अधिक चालकों पर कार्रवाई कर प्रकरण न्यायालय भेजे गए हैं। वहीं बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वाले 1300 से ज्यादा लोगों के खिलाफ चालान काटे गए हैं।
इसके अलावा, आईटीएमएस (ITMS) प्रणाली के माध्यम से 7500 से अधिक ऑनलाइन ई-चालान जारी किए गए। इस दौरान बिना सीट बेल्ट ड्राइविंग, ओवरस्पीडिंग, गलत नंबर प्लेट, रॉन्ग साइड ड्राइविंग और मोबाइल फोन का उपयोग करते हुए वाहन चलाने जैसे मामलों में भी कार्रवाई की गई।
यह पूरा अभियान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) रामगोपाल करियारे की निगरानी में चलाया गया। अधिकारियों का कहना है कि शाम 6 बजे से रात 12 बजे के बीच सर्वाधिक सड़क दुर्घटनाएं होती हैं, इसलिए इस समय विशेष सघन जांच की जा रही है।
ट्रैफिक पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य उपयोग करें, नशे की हालत में वाहन न चलाएं और यातायात नियमों का पालन कर अपनी तथा दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करें।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद





.jpeg)

