Social Activity BSP
बिलासपुर, 15 फरवरी (Social Activity BSP)।
बिलासपुर जिले के रतनपुर क्षेत्र में शांति व्यवस्था भंग करने की कोशिश को पुलिस ने समय रहते नाकाम कर दिया। थाना रतनपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो असामाजिक तत्वों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 14 फरवरी 2026 को क्षेत्र में पैदल पेट्रोलिंग और अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान पुलिस टीम को दो संदिग्ध युवकों की गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत हुईं। दोनों पर क्षेत्र में अशांति फैलाने और कानून-व्यवस्था प्रभावित करने की आशंका जताई गई।
तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। परिस्थितियों की गंभीरता को देखते हुए उनके विरुद्ध प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आदित्य सोनी (25 वर्ष), निवासी गांधीनगर रतनपुर और हर्ष जैन (21 वर्ष), निवासी थानापारा रतनपुर के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170 के तहत प्रकरण दर्ज कर उन्हें सीटी मजिस्ट्रेट बिलासपुर के समक्ष प्रस्तुत किया। न्यायालय ने मामले को गंभीर मानते हुए दोनों आरोपियों को जेल भेजने का आदेश दिया।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। असामाजिक तत्वों के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह सख्त और त्वरित कार्रवाई जारी रहेगी।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद





.jpeg)

