निरीक्षण पर निकले PMGSY इंजीनियर सड़क हादसे में घायल, तेज रफ्तार कार टक्कर मारकर हुई फरार

Social Activity BSP

बिलासपुर, 15 फरवरी (Social Activity BSP)।
बिलासपुर जिले के रतनपुर क्षेत्र में शनिवार को प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तहत सड़क निरीक्षण पर निकले एक इंजीनियर गंभीर सड़क हादसे का शिकार हो गए। वे स्कूटी से बेलगहना की ओर निर्माणाधीन सड़क का जायजा लेने जा रहे थे, तभी तेज रफ्तार कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इंजीनियर जैसे ही हाइवे से मुड़कर रतनपुर की ओर बढ़े, सामने से आ रही तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार ने सीधे स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि इंजीनियर कई फीट दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के तुरंत बाद कार चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।

घटना के बाद कुछ समय के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास मौजूद लोगों और राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए एक छोटे पिकअप वाहन को रुकवाया और घायल इंजीनियर को तत्काल रतनपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर स्थित सिम्स अस्पताल रेफर कर दिया गया।

डॉक्टरों के मुताबिक, इंजीनियर की हालत नाजुक बनी हुई है और विशेषज्ञों की निगरानी में उनका उपचार जारी है। इधर, पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही फरार वाहन चालक की पहचान कर उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में बढ़ती तेज रफ्तार वाहनों की समस्या पर चिंता जताते हुए प्रशासन से सख्त ट्रैफिक निगरानी और स्पीड कंट्रोल उपाय लागू करने की मांग की है।



Social Activity BSP👈

रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद








Click here 👆👆

Post a Comment

Previous Post Next Post