Social Activity BSP
बिलासपुर | 15 फरवरी (Social Activity BSP)
बिलासपुर में 34 ग्राम हेरोइन बरामदगी के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए पंजाब के तरनतारन जिले से मुख्य सप्लायर को गिरफ्तार किया है। आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर लेकर बिलासपुर लाया जा रहा है, जहां उससे गहन पूछताछ की जाएगी। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में अंतरराज्यीय ड्रग्स नेटवर्क से जुड़े कई अहम खुलासे हो सकते हैं।
1 फरवरी की कार्रवाई से खुला नेटवर्क
1 फरवरी को चकरभाठा थाना पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त कार्रवाई में तीन आरोपियों — मोहित हिंदूजा (32), करन दीप सिंह (29) और आर. रजिंदर कुमार (35) — को गिरफ्तार किया गया था। इनके कब्जे से कुल 34 ग्राम हेरोइन जब्त की गई थी।
पूछताछ में सामने आया कि करन दीप सिंह दूसरे राज्य से हेरोइन लाकर मोहित हिंदूजा को देता था। इसके बाद मोहित, अपने साथी रजिंदर कुमार के साथ मिलकर इसे ऊंचे दामों पर बेचता था। तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने के बाद पुलिस ने सप्लाई चेन की कड़ियां जोड़नी शुरू कीं।
पंजाब कनेक्शन: बॉर्डर के पास से गिरफ्तारी
तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल चैट और कॉल डिटेल रिकॉर्ड के आधार पर पुलिस टीम पंजाब पहुंची। तरण तारण जिले के खेमकरण थाना क्षेत्र से मुख्य तस्कर बाला उर्फ बलराम सिंह सनियारे (63) को गिरफ्तार किया गया।
यह गांव भारत-पाक सीमा से महज 200 मीटर की दूरी पर स्थित है। जांच में यह भी सामने आया है कि पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए नशीले पदार्थों की खेप पंजाब के सीमावर्ती गांवों में गिराई जाती है। वहीं से यह खेप अलग-अलग राज्यों में सप्लाई की जाती है।
पुलिस टीम आरोपी को ट्रेन के माध्यम से बिलासपुर ला रही है। उसे यहां एनडीपीएस कोर्ट में पेश किया जाएगा और आगे की पूछताछ की जाएगी।
ड्रोन से सप्लाई, इंटरस्टेट नेटवर्क सक्रिय
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय गिरोह ड्रोन के माध्यम से सीमा पार से हेरोइन और अन्य सिंथेटिक ड्रग्स की सप्लाई कर रहे हैं। सीमा की निगरानी में Border Security Force लगातार सक्रिय है, लेकिन तस्कर नए-नए तरीके अपनाकर नेटवर्क चलाने की कोशिश कर रहे हैं।
प्रारंभिक जांच में संकेत मिले हैं कि इसी चैन के जरिए बिलासपुर तक हेरोइन पहुंचाई जा रही थी।
होली से पहले सख्ती, ‘सूखे नशे’ पर खास नजर
आगामी होली त्योहार को देखते हुए पुलिस विशेष सतर्कता बरत रही है। शराब और गांजा के साथ-साथ हेरोइन और सिंथेटिक ड्रग्स जैसे ‘सूखे नशे’ पर भी कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
आशंका जताई जा रही है कि त्योहार से पहले बड़ी खेप शहर में खपाने की कोशिश हो सकती है। इसी के मद्देनजर संदिग्धों पर नजर रखी जा रही है और लगातार पूछताछ व निगरानी अभियान चलाया जा रहा है।
सिविल लाइन सीएसपी निमितेश सिंह ने बताया कि प्रारंभिक कार्रवाई में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पंजाब से मुख्य सप्लायर की पहचान हुई, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया है। नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।
बिलासपुर पुलिस अब इस अंतरराज्यीय ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क की बाकी कड़ियों को खंगालने में जुटी है।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद





.jpeg)

