Social Activity BSP
बिलासपुर।
जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे “चेतना विरुद्ध नशा अभियान” के तहत सीपत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम खांडा में संचालित अवैध कच्ची महुआ शराब फैक्ट्री पर छापा मारा है। इस दौरान एक महिला आरोपी को भारी मात्रा में कच्ची शराब बनाते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने मौके से 110 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब, शराब निर्माण में प्रयुक्त उपकरण और बर्तन जब्त किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 22 हजार रुपये बताई जा रही है।
यह कार्रवाई पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनीश सिंह के निर्देशन में की गई। सीपत थाना क्षेत्र में अवैध शराब निर्माण और बिक्री की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद पुलिस ने यह सख्त कदम उठाया।
मुखबिर सूचना पर गठित की गई विशेष टीम
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 03 जनवरी 2026 को थाना सीपत को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम खांडा में एक महिला द्वारा बड़े पैमाने पर कच्ची महुआ शराब का अवैध निर्माण किया जा रहा है और उसकी बिक्री की तैयारी चल रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना सीपत पुलिस ने तत्काल एक विशेष टीम गठित कर रेड कार्रवाई के निर्देश दिए।
रेड के दौरान उजागर हुई अवैध शराब फैक्ट्री
पुलिस टीम जब बताए गए स्थान पर पहुंची, तो वहां अवैध शराब निर्माण केंद्र सक्रिय रूप से संचालित पाया गया। मौके से अंजनी सिदार पति राजेश सिदार, उम्र 25 वर्ष, निवासी ग्राम खांडा, थाना सीपत, जिला बिलासपुर (छत्तीसगढ़) को कच्ची महुआ शराब बनाते हुए पकड़ा गया। महिला के कब्जे से बड़ी मात्रा में तैयार शराब और निर्माण में उपयोग हो रहे उपकरण बरामद किए गए।
ये सामग्री की गई जब्त
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने—
-
110 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब
-
02 नग डेचकी (एक छोटी, एक बड़ी)
-
पाइप लगा हुआ एलुमिनियम का कोपरा
-
शराब निर्माण में प्रयुक्त अन्य बर्तन व उपकरण
को जब्त किया।
आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई
पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क)(च) एवं 34(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
नशे के खिलाफ लगातार जारी अभियान
सीपत पुलिस द्वारा अवैध नशे के कारोबार के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में कच्ची शराब के अवैध निर्माण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए पुलिस की निगरानी और दबिश आगे भी जारी रहने की बात कही गई है।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद





.jpeg)

