Social Activity BSP
बिलासपुर(Social Activity BSP)। लिंगियाडीह क्षेत्र के प्रभावित परिवारों के समर्थन में चल रहे महाधरना में पहुंचे अमित जोगी ने जनप्रतिनिधियों और नेताओं को नसीहत देते हुए कहा कि उन्हें तय करना होगा कि वे जनता के लिए काम करेंगे या फिर भू-माफियाओं और उद्योगपतियों के लिए।
धरना स्थल पर मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए अमित जोगी ने कहा कि जनता ने जिन नेताओं को वोट देकर चुना है, उन्हें उसी विश्वास के साथ जनता के हित में काम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों को यह सोचना चाहिए कि उन्हें लोगों की आह चाहिए या उद्योगपतियों का पैसा।
अमित जोगी ने कहा कि जनता के भरोसे को तोड़ना लोकतंत्र की भावना के खिलाफ है। जिन लोगों ने वोट देकर नेतृत्व का अवसर दिया है, उनके अधिकारों की अनदेखी करना सही नहीं है। उन्होंने कहा कि सच्ची राजनीति वही है जो जनता के विश्वास पर खरी उतरे।
अपने संबोधन के दौरान उन्होंने संत कबीर के दोहे का उल्लेख करते हुए कहा कि गरीब की आह और बद्दुआ बहुत भारी होती है और किसी बेबस व्यक्ति की बद्दुआ से कोई भी व्यक्ति बच नहीं सकता।
उन्होंने कहा कि पिछले करीब 15 दिनों से लिंगियाडीह के प्रभावित परिवार अपनी जमीन और अधिकारों के मुद्दे को लेकर महाधरना पर बैठे हैं, लेकिन अब तक उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हो पाया है। उन्होंने सरकार और प्रशासन से मांग की कि प्रभावित परिवारों की समस्याओं को गंभीरता से सुना जाए और जल्द से जल्द न्याय दिलाया जाए।
धरना स्थल पर मौजूद लोगों ने भी प्रशासन से जमीन और अधिकारों के मामले में न्याय की मांग की। अमित जोगी ने आश्वासन दिया कि वे इस मुद्दे को मजबूती से उठाएंगे और प्रभावित परिवारों के साथ खड़े रहेंगे।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद
.jpeg)

