Social Activity BSP
बिलासपुर, 12 मार्च 2026(Social Activity BSP)। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में जिला प्रशासन रायपुर की पहल “प्रोजेक्ट धड़कन” के माध्यम से बिलासपुर की 11 वर्षीय पीहू कारके को नया जीवन मिला है। हृदय संबंधी गंभीर समस्या से जूझ रही पीहू का सफल इलाज होने के बाद अब वह पूरी तरह स्वस्थ होकर सामान्य जीवन जी रही है।
बिलासपुर जिले के ग्राम भोजपुरी निवासी कक्षा छठवीं की छात्रा पीहू लंबे समय से हृदय संबंधी बीमारी से परेशान थी। इस कारण उसे खेल-कूद और अन्य शारीरिक गतिविधियों में भी कठिनाई होती थी। इसी दौरान जिला प्रशासन रायपुर द्वारा पुलिस विभाग के कर्मचारियों और उनके परिवारों के लिए ‘प्रोजेक्ट छांव’ के अंतर्गत स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया।
पीहू के पिता पुलिस विभाग में कार्यरत हैं और जगदलपुर में पदस्थ हैं। शिविर के दौरान पीहू की भी जांच कराई गई, जहां ‘प्रोजेक्ट धड़कन’ की विशेषज्ञ टीम ने उसके हृदय की जांच की। प्रारंभिक जांच के बाद उसे आगे के उपचार के लिए सत्य साईं हॉस्पिटल, नवा रायपुर भेजा गया।
अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा विस्तृत जांच के बाद एक सप्ताह के भीतर पीहू का सफल ऑपरेशन किया गया। उपचार के बाद उसे स्वस्थ अवस्था में अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। अब वह बिलासपुर स्थित अपने घर में सामान्य जीवन जी रही है और पढ़ाई-लिखाई के साथ अपनी बहनों और दादी के साथ खेलकूद का आनंद भी ले रही है।
पीहू की माता इंद्राणी कारके ने इस पहल के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “प्रोजेक्ट धड़कन” की मदद से उनकी बेटी का समय पर इलाज संभव हो सका और अब वह स्वस्थ जीवन जी पा रही है।
यह पहल जरूरतमंद बच्चों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने के साथ-साथ उनके परिवारों में नई उम्मीद और विश्वास का संचार भी कर रही है।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद

.jpeg)

