Social Activity BSP
बिलासपुर(Social Activity BSP)। सकरी थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक लावारिस वाहन से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया है। पुलिस ने टाटा ऐस (CG 29 A 3487) वाहन की तलाशी के दौरान करीब 40 किलोग्राम गांजा जब्त किया, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 25 लाख 20 हजार रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार 15 मार्च 2026 को सूचना मिली थी कि भरनी मेला ग्राउंड स्थित पिंदरी मोड़ के पास एक वाहन दो दिनों से लावारिस हालत में खड़ा है। सूचना मिलते ही सकरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और संदिग्ध वाहन की जांच शुरू की।
तलाशी के दौरान वाहन से गांजा जैसी तेज गंध आने पर पुलिस ने बारीकी से जांच की। जांच में पता चला कि अज्ञात तस्करों ने वाहन के नीचे विशेष रूप से गुप्त चैंबर बनाकर उसमें गांजा छिपाकर रखा था।
पुलिस ने विधिवत कार्रवाई करते हुए वाहन से लगभग 40 किलो गांजा बरामद कर लिया और वाहन को भी जब्त कर लिया। जब्त वाहन और गांजा की कुल कीमत करीब 25.20 लाख रुपये आंकी गई है।
फिलहाल सकरी थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है और इस अवैध मादक पदार्थ की तस्करी में शामिल अज्ञात आरोपियों की तलाश की जा रही है।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद

.jpeg)

