Social Activity BSP
बिलासपुर। शहर के तारबहार थाना क्षेत्र में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार युवक की बिजली के खंभे से टकराने के बाद मौत हो गई। यह दुर्घटना अग्रसेन चौक से पुराने बस स्टैंड जाने वाले मार्ग पर हेवनस पार्क के सामने हुई, जिससे क्षेत्र में कुछ समय के लिए हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार तालापारा निवासी जैद खान (29 वर्ष) देर रात स्कूटी से अग्रसेन चौक की ओर से पुराने बस स्टैंड की तरफ जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवक तेज रफ्तार में स्कूटी चला रहा था और संभवतः नशे की हालत में था। इसी दौरान हेवनस पार्क के सामने स्कूटी अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से जा टकराई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में गश्त कर रही पुलिस पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और घायल युवक को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। हालांकि अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर तारबहार थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है।
पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है। मर्ग कायम कर हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि दुर्घटना के समय स्कूटी की रफ्तार कितनी थी और युवक नशे की हालत में था या नहीं।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद
.jpeg)
.jpeg)

