Social Activity BSP
पश्चिम बंगाल (Social Activity BSP)। समाज को नशे की बुराई से मुक्त करने और युवाओं को सकारात्मक दिशा देने के उद्देश्य से तहफ़्फुज़-ए-नामूस-ए-रिसालत एक्शन ट्रस्ट (TNRAT) द्वारा एक प्रभावी नशा मुक्ति अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान का नेतृत्व संगठन के पश्चिम बंगाल प्रदेश अध्यक्ष जनाब एसके सहजादा कर रहे हैं।
इस पहल के तहत नशे की लत से जूझ रहे लोगों की पहचान कर उन्हें काउंसलिंग के माध्यम से जागरूक किया जा रहा है। गंभीर स्थिति वाले व्यक्तियों को रिहैबिलिटेशन सेंटर भेजकर उनका उपचार और पुनर्वास सुनिश्चित किया जा रहा है। इस प्रयास से कई लोगों को नशे की गिरफ्त से बाहर निकलकर सम्मानजनक जीवन जीने का अवसर मिला है।
अभियान के अंतर्गत ऐसे लोग, जिनमें नशे की लत प्रारंभिक स्तर पर पाई गई, उन्हें परामर्श के साथ होमियोपैथिक दवाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं, ताकि वे सुरक्षित और नियंत्रित तरीके से इस आदत से छुटकारा पा सकें।
इस मुहिम का प्रभाव अब विभिन्न क्षेत्रों में देखने को मिल रहा है। लोग स्वयं आगे आकर संगठन से संपर्क कर रहे हैं और अपने परिवार या मोहल्ले में नशे से जूझ रहे व्यक्तियों के उपचार और पुनर्वास के लिए सहयोग की मांग कर रहे हैं।
TNRAT का मानना है कि नशा केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। ऐसे में संगठन का उद्देश्य सिर्फ इलाज तक सीमित नहीं है, बल्कि जागरूकता फैलाना, पुनर्वास और सामाजिक पुनर्स्थापन को भी प्राथमिकता देना है।
संगठन ने समाज से अपील की है कि नशा मुक्ति अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं और एक स्वस्थ, जागरूक और सुरक्षित समाज के निर्माण में सहयोग करें।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद

.jpeg)

