Social Activity BSP
बिलासपुर, 7 अप्रैल 2026। कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में नगर निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे और एडीएम शिव कुमार बनर्जी ने आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुना। इस दौरान अधिकांश मामलों में संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही जांच कर त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
जनदर्शन में तखतपुर विकासखंड के ग्राम विजयपुर के ग्रामीणों ने प्राथमिक शाला के प्रधान अध्यापक भरत ध्रुव को पद से हटाने की मांग की। ग्रामीणों का आरोप है कि शिक्षक शराब सेवन कर स्कूल आते हैं और विद्यार्थियों के साथ दुर्व्यवहार करते हैं। इस मामले में जिला शिक्षा अधिकारी को जांच कर शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
रतनपुर की अंकिता कमलसेन और सिंघरी की प्रतिभा कोशले ने स्वरोजगार के लिए शासन की योजना के तहत ऋण दिलाने की मांग की। उन्होंने बताया कि वे सिलाई कार्य में दक्ष हैं और व्यवसाय शुरू करने के लिए आर्थिक सहायता चाहती हैं। इस पर लीड बैंक मैनेजर को आवश्यक कार्रवाई करने कहा गया।
ग्राम मेण्ड्रा के वार्ड 4 और 5 में पेयजल समस्या को लेकर ग्रामीणों ने शिकायत दर्ज कराई। इस पर पीएचई विभाग को जांच कर समाधान करने के निर्देश दिए गए।
बेलतरा तहसील के बाम्हू निवासी परसराम ने प्रधानमंत्री आवास योजना की शेष किश्त न मिलने की शिकायत की, जिससे उनका मकान अधूरा है। इस प्रकरण को जनपद पंचायत बिल्हा के सीईओ को भेजते हुए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
ग्राम ऊनी की किरण वैष्णव ने कुएं की सफाई के दौरान विद्युत करंट से पति और पुत्र की मृत्यु होने पर मुआवजे की मांग की। इस मामले में विद्युत विभाग को जांच कर उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके अलावा सिंद्यरी के दिनेश कुमार ने गांव में अवैध कब्जे से रास्ता बाधित होने की शिकायत की। संबंधित अधिकारियों को मामले की जांच कर समाधान करने के निर्देश दिए गए।
जनदर्शन के दौरान प्रशासन द्वारा लोगों की समस्याओं के त्वरित निराकरण के प्रति गंभीरता दिखाई गई।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद
.jpeg)

