Social Activity BSP
बिलासपुर (Social Activity BSP)। शहर के रामावैली इलाके में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक वकील ने सरेआम हथियार लहराकर लोगों में दहशत फैला दी। घटना का वीडियो सामने आने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और लोग डर के मारे घरों में दुबकने को मजबूर हो गए।
जानकारी के अनुसार, आरोपी वकील अंशुमन श्रीवास्तव अपने घर के बाहर कार में बैठकर शराब पी रहा था। इसी दौरान वह अचानक उग्र हो गया और पिस्टल, तलवार और फरसा लेकर सड़क पर निकल आया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आरोपी ने राहगीरों को धमकाना शुरू कर दिया, जिससे कॉलोनी में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
वायरल वीडियो से खुला मामला
घटना का वीडियो किसी स्थानीय व्यक्ति ने बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया, जो तेजी से वायरल हो गया। वीडियो सामने आते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया और तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा
मामले की गंभीरता को देखते हुए सीएसपी निमितेष सिंह परिहार के नेतृत्व में एसीसीयू टीम और चकरभाठा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया, जिससे एक बड़ी घटना टल गई।
तलाशी में मिले खतरनाक हथियार
पुलिस द्वारा की गई तलाशी में आरोपी के पास से—
- 32.5 इंच लंबी तलवार
- काले रंग की एयर पिस्टल
- फरसा नुमा कुल्हाड़ी
बरामद की गई हैं।
इलाके में दहशत, लोग घरों में कैद
घटना के दौरान कॉलोनी में दहशत का माहौल बन गया। लोग अपने घरों में छिप गए और बाहर निकलने से कतराते नजर आए।
आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों के अनुसार वायरल वीडियो और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर त्वरित कार्रवाई की गई, जिससे संभावित बड़ा हादसा टल गया।
जांच जारी
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि उसने हथियार कहां से प्राप्त किए और उसका उद्देश्य क्या था।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद

.jpeg)

