Social Activity BSP
बिलासपुर (Social Activity BSP)। शहर के सकरी थाना क्षेत्र स्थित आसमा सिटी में नाबालिग द्वारा घर में चोरी का मामला अब उलझता जा रहा है। जेवर, नगदी और मां के खाते से एटीएम के जरिए पैसे निकालने की घटना ने नया मोड़ ले लिया है। मामले में प्रार्थी और पुलिस के बीच बयानबाजी तेज हो गई है, जिससे सच्चाई पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
प्रार्थी सतीश मिश्रा ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि उनके बेटे ने दोस्तों के दबाव और धमकी के चलते यह कदम उठाया। प्रार्थी का आरोप है कि मामले की सही दिशा में जांच नहीं की जा रही है।
वहीं, पुलिस का पक्ष इससे अलग है। पुलिस के अनुसार नाबालिग ने घर से जेवर और नगदी लेने के साथ-साथ अपनी मां के खाते से एटीएम के जरिए पैसे भी निकाले हैं। पुलिस का यह भी कहना है कि प्रार्थी खुद जांच में सहयोग नहीं कर रहा है और लगातार अपने बयान बदलकर जांच को प्रभावित कर रहा है। इतना ही नहीं, लिखित में कार्रवाई नहीं चाहने की बात भी सामने आई है।
इस पूरे घटनाक्रम ने मामले को और अधिक रहस्यमय बना दिया है। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि सच्चाई कौन छिपा रहा है—प्रार्थी या फिर मामला कुछ और ही है।
फिलहाल, इस पूरे मामले पर सभी की नजर बनी हुई है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद

.jpeg)

