Social Activity BSP
बिलासपुर (Social Activity BSP)। बिलासपुर में एक पुलिस आरक्षक का सोशल मीडिया पर बनाया गया वीडियो उस पर भारी पड़ गया। वर्दी में पत्नी के साथ फिल्मी गाने ‘हाय रानी, हेलो रानी’ पर डांस करते हुए बनाई गई इंस्टाग्राम रील वायरल होते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी रजनेश सिंह ने आरक्षक को तत्काल लाइन अटैच कर दिया।
जानकारी के अनुसार, वायरल वीडियो में एक पुलिसकर्मी अपनी पत्नी के साथ निजी अंदाज में डांस करता नजर आ रहा है। खास बात यह रही कि आरक्षक पुलिस वर्दी में था, जिससे यह मामला अनुशासनहीनता का विषय बन गया। वीडियो के वायरल होते ही लोगों के बीच यह सवाल उठने लगा कि क्या वर्दी में इस तरह के निजी वीडियो बनाना नियमों के अनुरूप है।
जांच में सामने आया कि वीडियो में दिखाई दे रहा पुलिसकर्मी मस्तूरी थाने में पदस्थ आरक्षक देवानंद कैवर्त्य है। उसने खुद यह वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर रील के रूप में पोस्ट किया था। पुलिस अधिकारियों द्वारा उसकी सोशल मीडिया गतिविधियों की जांच करने पर इसकी पुष्टि हुई।
सूत्रों के मुताबिक, आरक्षक का अपनी पत्नी के साथ डांस करना निजी मामला हो सकता है, लेकिन वर्दी पहनकर इस तरह का वीडियो बनाना ही पूरे विवाद की मुख्य वजह बना। पुलिस नियमों के अनुसार, वर्दी में किसी भी प्रकार की निजी या मनोरंजनात्मक गतिविधि का सार्वजनिक प्रदर्शन अनुशासनहीनता की श्रेणी में आता है।
मामले में सख्त रुख अपनाते हुए एसएसपी रजनेश सिंह ने स्पष्ट कहा कि पुलिस यूनिफॉर्म सम्मान और जिम्मेदारी का प्रतीक है और इसका दुरुपयोग किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसी के तहत आरक्षक को तत्काल प्रभाव से लाइन अटैच कर दिया गया।
इस घटना के बाद जहां पुलिस विभाग के भीतर चर्चा का माहौल है, वहीं सोशल मीडिया पर भी इसको लेकर बहस छिड़ गई है। कुछ लोग इसे व्यक्तिगत स्वतंत्रता का मामला बता रहे हैं, तो कई लोग वर्दी की गरिमा बनाए रखने के लिए की गई कार्रवाई को सही ठहरा रहे हैं।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद


.jpeg)

