Social Activity BSP
बिलासपुर, 9 अप्रैल 2026। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को भारी मात्रा में संदिग्ध नकदी के साथ गिरफ्तार किया है। चौकी बेलगहना और एसीसीयू (ACCÚ) बिलासपुर की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई करते हुए कुल 17.90 लाख रुपये जब्त किए हैं।
पुलिस के मुताबिक, 8 अप्रैल को टीम क्षेत्र में गश्त और अपराध विवेचना के दौरान थी। इसी दौरान सूचना मिली कि टेगनमाड़ा रेलवे स्टेशन के पास एक व्यक्ति दो सूटकेस और एक पिट्ठू बैग के साथ संदिग्ध स्थिति में घूम रहा है।
सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और संदिग्ध युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपना नाम पवन बजाज (35 वर्ष), निवासी कश्यप कॉलोनी, पुराना बस स्टैंड, थाना सिटी कोतवाली, बिलासपुर बताया।
तलाशी के दौरान उसके पास से दो सूटकेस और एक बैग में रखी कुल 17,90,000 रुपये नकद बरामद हुए। यह रकम 10, 20 और 50 रुपये के नए नोटों के 81 बंडलों में पाई गई।
पुलिस ने इस नकदी को संदिग्ध मानते हुए धारा 106 बीएनएसएस के तहत जब्त कर लिया है। फिलहाल आरोपी से रकम के स्रोत के बारे में पूछताछ की जा रही है और यह जांच की जा रही है कि कहीं यह राशि किसी अवैध गतिविधि से तो जुड़ी नहीं है।
इस कार्रवाई में बेलगहना चौकी और एसीसीयू टीम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की अहम भूमिका रही, जिसकी वरिष्ठ अधिकारियों ने सराहना की है।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद

.jpeg)

