Social Activity BSP
बिलासपुर(Social Activity BSP)। जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र में अवैध रेत खनन के दौरान एक नाबालिग की मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इस घटना ने क्षेत्र में अवैध खनन के खतरनाक पहलुओं को उजागर कर दिया है।
पुलिस के अनुसार, 9 अप्रैल 2026 की रात करीब 3 बजे ग्राम गढ़वट स्थित खारंग नदी किनारे रेत परिवहन के दौरान 17 वर्षीय अमित कश्यप की मौत की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रारंभिक जांच में इसे दुर्घटना माना, लेकिन विस्तृत जांच में मामला कुछ और ही निकला।
जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी तोषण कश्यप (34 वर्ष) अवैध रूप से नदी से रेत निकाल रहा था। अधिक लाभ कमाने के लालच में उसने 6-7 फीट गहरा गड्ढा खुदवाया था, जो बेहद खतरनाक था। इसके बावजूद उसने नाबालिग अमित कश्यप और एक अन्य युवक अमित यादव को उसी गड्ढे में काम करने के लिए उतार दिया।
काम के दौरान अचानक रेत और मिट्टी धंस गई, जिससे अमित कश्यप की मौके पर ही दबकर मौत हो गई, जबकि अमित यादव गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद आरोपी ने सच्चाई छुपाने के लिए ट्रैक्टर को घटनास्थल से दूर ले जाकर ट्रॉली पलट दी और इसे सड़क दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की, लेकिन पुलिस जांच में यह साजिश उजागर हो गई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 105 और 238(बी) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अंशिका जैन के नेतृत्व में पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध रेत खनन और इससे जुड़े अपराधों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद
.jpeg)

