Social Activity BSP
बीकानेर (Social Activity BSP)। राजस्थान की पावन धरा बीकानेर एक बार फिर आध्यात्मिक और धार्मिक आस्था का केंद्र बनने जा रही है। गौ माता के सम्मान, संरक्षण और सनातन संस्कृति के प्रचार-प्रसार को समर्पित ‘गौ सम्मान आह्वान अभियान’ के अंतर्गत केसर देसर जाटान गौशाला में ‘श्री गौ नंदी कृपा कथा’ एवं ‘सुरभि यज्ञ’ का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह दिव्य धार्मिक महोत्सव 31 मई से 6 जून 2026 तक आयोजित होगा, जिसमें देशभर से संत-महात्माओं, गौ भक्तों और श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
यह आयोजन प्रतिदिन दोपहर 1:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक केसर देसर जाटान गौशाला, बीकानेर में संपन्न होगा। वहीं, प्रतिदिन सुबह 6:00 बजे से 9:00 बजे तक विश्व कल्याण, गौ समृद्धि और सकारात्मक ऊर्जा के लिए विशेष ‘सुरभि यज्ञ’ का आयोजन किया जाएगा।
31 मई को निकलेगी भव्य कलश यात्रा
धार्मिक आयोजन का शुभारंभ 31 मई 2026 को सुबह 9:15 बजे विशाल एवं भव्य कलश यात्रा के साथ होगा। इस यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। आयोजन समिति के अनुसार, यह यात्रा गौ संरक्षण और सनातन संस्कृति के प्रति जन-जागरूकता का संदेश भी देगी।
देश के ख्यातिप्राप्त संतों का मिलेगा सानिध्य
इस भव्य धार्मिक आयोजन को देश के कई प्रसिद्ध संतों का सानिध्य और आशीर्वाद प्राप्त होगा। इनमें गोऋषि स्वामी श्री दत्तशरणानंद जी महाराज, परम पूज्य स्वामी श्री राजेंद्र दास देवाचार्य जी महाराज, अच्युतानंद जी महाराज, चंद्रमा दास जी महाराज, रामतीर्थ दास जी महाराज, गोपेष बाबा एवं प्रकाश नारायण जी महाराज शामिल रहेंगे।
कथा व्यास के रूप में श्री गोपाल परिवार संघ के संस्थापक ग्वाल संत श्री अपने श्रीमुख से श्रद्धालुओं को गौ महिमा और अध्यात्म का संदेश देंगे।
2 जून को होगी विशेष गौ भक्ति संध्या
महोत्सव के दौरान 2 जून 2026 की रात्रि 9:00 बजे एक विशेष गौ भक्ति संध्या का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर टोंक-निवाई के सुप्रसिद्ध संत एवं भजन सम्राट श्री प्रकाश दास जी महाराज अपनी मधुर भक्ति रस से ओतप्रोत प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भाव-विभोर करेंगे।
गौ संरक्षण और समाज को जोड़ने का संदेश
आयोजकों के अनुसार, इस अभियान का उद्देश्य केवल धार्मिक आयोजन तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज को गौ संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण और अध्यात्म के प्रति जागरूक करना भी है। अभियान के संदेश “गौ हमारी माता है, पर्यावरण हमारा जीवन है और अध्यात्म हमारी आत्मा है” को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया है।
लाइव प्रसारण की भी होगी व्यवस्था
जो श्रद्धालु आयोजन स्थल तक नहीं पहुंच पाएंगे, उनके लिए कथा और कार्यक्रम का सीधा प्रसारण Dhenu TV, जीवन सूत्र यूट्यूब चैनल और आस्था चैनल पर उपलब्ध रहेगा।
इस धार्मिक अनुष्ठान के मुख्य आयोजक श्रीमती मणकादेवी एवं गोपी किशन चांदक हैं। आयोजन समिति ने सभी गौ भक्तों, धर्म प्रेमियों और श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद





.jpeg)

