माननीय कोयला एवं खान राज्य मंत्री सतीश चन्द्र दुबे ने किया एसईसीएल कार्यों की समीक्षा, डिजिटल पहल और स्वास्थ्य सेवाओं को मिली नई मजबूती

Social Activity BSP

बिलासपुर (Social Activity BSP)। भारत सरकार के माननीय कोयला एवं खान राज्य मंत्री Satish Chandra Dubey ने मंगलवार, 26 मई 2026 को एसईसीएल (SECL) के एक दिवसीय दौरे के दौरान कंपनी के कार्यों, उपलब्धियों एवं भविष्य की योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। इस महत्वपूर्ण दौरे में उन्होंने डिजिटल परिवर्तन, आधारभूत संरचना विकास एवं स्वास्थ्य सेवाओं के आधुनिकीकरण से जुड़ी कई महत्वपूर्ण पहलों का शुभारंभ एवं लोकार्पण किया।

एसईसीएल मुख्यालय पहुंचने पर माननीय मंत्री ने सबसे पहले कोयला श्रमिक स्मारक पर माल्यार्पण कर कोयला श्रमिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने राष्ट्र निर्माण एवं देश की ऊर्जा सुरक्षा में कोयला श्रमिकों के योगदान को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए उनके समर्पण को नमन किया।

इसके पश्चात एसईसीएल मुख्यालय में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए मंत्री ने कंपनी के विभिन्न प्रमुख कार्यों की समीक्षा की। बैठक में कोयला उत्पादन, डिस्पैच, गुणवत्ता प्रबंधन, खनन सुरक्षा, कोल गैसीफिकेशन, माइन क्लोजर, पर्यावरणीय संरक्षण, डिजिटलीकरण, सीएसआर गतिविधियों तथा भविष्य की कार्ययोजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में एसईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक श्री हरीश दुहन, निदेशकगण, सीवीओ, विभागाध्यक्ष, कोयला मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी एवं बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

माननीय मंत्री ने कहा कि “सुरक्षित एवं सतत खनन को बढ़ावा देना, परिचालन दक्षता बढ़ाना और आधुनिक तकनीकों का अधिकतम उपयोग समय की आवश्यकता है।” उन्होंने एसईसीएल की सराहना करते हुए कहा कि कंपनी देश की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है तथा उत्पादन, गुणवत्ता, सुरक्षा और पर्यावरणीय उत्तरदायित्व के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं।

उन्होंने विशेष रूप से इस बात पर बल दिया कि सीएसआर गतिविधियों के माध्यम से कोयलांचल क्षेत्रों में अंतिम व्यक्ति तक विकास एवं कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।

चालू वित्तीय वर्ष में एसईसीएल का रिकॉर्ड योगदान

इस अवसर पर एसईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक Harish Duhan ने जानकारी देते हुए बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में कोल इंडिया द्वारा अब तक किए गए 100 मिलियन टन कोयला उत्पादन में एसईसीएल ने 26.86 मिलियन टन का सर्वाधिक योगदान दिया है, जो कंपनी की कार्यकुशलता और प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि कोयला मंत्रालय के मार्गदर्शन में एसईसीएल राष्ट्र की ऊर्जा आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए लगातार समर्पित है।

डिजिटल परिवर्तन की दिशा में बड़ा कदम

दौरे के दौरान माननीय मंत्री द्वारा ई-डाडास (डिज़ाइन एंड ड्रॉइंग्स एप्रूवल इन एसईसीएल) पोर्टल एवं हॉस्पिटल मैनेजमेंट एंड इन्फॉर्मेशन सिस्टम (HMIS) पोर्टल का शुभारंभ किया गया। अधिकारियों के अनुसार यह पहल डिजिटल परिवर्तन, कार्यकुशलता, पारदर्शिता और तेज प्रशासनिक प्रक्रिया को बढ़ावा देने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है।

ई-डाडास पोर्टल के माध्यम से एफएमसी, सीएचपी-साइलो, रेलवे साइडिंग, इन-पिट कन्वेयर सिस्टम सहित अन्य आधारभूत परियोजनाओं से संबंधित इंजीनियरिंग डिज़ाइन एवं ड्रॉइंग्स की ऑनलाइन जांच, निगरानी और अनुमोदन प्रक्रिया को डिजिटल किया जाएगा। इससे परियोजनाओं के क्रियान्वयन में समयबद्धता, पारदर्शिता और दक्षता सुनिश्चित होगी।

वहीं एचएमआईएस पोर्टल के माध्यम से एसईसीएल चिकित्सालयों में मरीजों के रिकॉर्ड का सुव्यवस्थित प्रबंधन, स्वास्थ्य सेवाओं का डिजिटलीकरण, त्वरित उपचार सुविधा एवं बेहतर निगरानी प्रणाली को मजबूत किया जाएगा, जिससे मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

इंदिरा विहार स्वास्थ्य केंद्र में अत्याधुनिक हेमेटोलॉजी यूनिट का लोकार्पण

अपने दौरे के दौरान माननीय मंत्री ने बिलासपुर स्थित इंदिरा विहार स्वास्थ्य केंद्र में स्थापित अत्याधुनिक 5-पार्ट हेमेटोलॉजी एनालाइज़र यूनिट का लोकार्पण भी किया। यह आधुनिक मशीन श्वेत रक्त कोशिकाओं (White Blood Cells) की 5-पार्ट डिफरेंशियल जांच के जरिए संक्रमण एवं विभिन्न बीमारियों की अधिक सटीक पहचान करने में सक्षम होगी।

स्वचालित परीक्षण प्रणाली से लैस यह अत्याधुनिक मशीन तेज, सटीक एवं त्रुटिरहित रिपोर्ट उपलब्ध कराने में मददगार होगी, जिससे अस्पताल एवं प्रयोगशाला सेवाओं की कार्यक्षमता में उल्लेखनीय सुधार आने की संभावना है।

लोकार्पण के उपरांत मंत्री ने स्वास्थ्य केंद्र का भ्रमण कर चिकित्सा सुविधाओं का जायजा लिया और वहां मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की सराहना की। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने के लिए निरंतर आधुनिक तकनीकों को अपनाने पर बल दिया।


Social Activity BSP👈

रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद








Click here 👆👆

Post a Comment

Previous Post Next Post