ऑपरेशन आघात के तहत रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, गांजा और नशीले इंजेक्शन के साथ 5 आरोपी गिरफ्तार

Social Activity BSP

रायगढ़ (Social Activity BSP)। रायगढ़ पुलिस ने “ऑपरेशन आघात” के तहत नशे के अवैध कारोबारियों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा और नशीले इंजेक्शन बेचने वाले पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। साइबर थाना एवं कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने बीड़पारा और रामलीला मैदान क्षेत्र में दबिश देकर कुल 6.168 किलो गांजा, 24 नग नशीली बुट्रम इंजेक्शन, ₹7,570 नगदी, मोबाइल फोन एवं एक मोटरसाइकिल जब्त की है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार, बीड़पारा क्षेत्र में गांजा बिक्री की सूचना मिलने पर संयुक्त टीम ने इरशाद खान के घर में रेड कार्रवाई की, जहां से 6 पैकेट में रखे कुल 6.168 किलो गांजा बरामद किया गया। मौके से आरोपी इरशाद खान को गिरफ्तार किया गया तथा पूछताछ में उसने जोगीडीपा निवासी मोहम्मद वसीम के साथ मिलकर गांजा बिक्री करना स्वीकार किया।

पुलिस ने बाद में मोहम्मद वसीम को भी हिरासत में लिया, जिसने कथित रूप से ओडिशा से गांजा लाकर बिक्री करना स्वीकार किया। दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना कोतवाली में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) एवं 29 के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया गया है।

इसी तरह 26 मई 2026 को रामलीला मैदान के पास कुछ युवकों द्वारा नाबालिगों को बुट्रम इंजेक्शन के जरिए नशा कराने की सूचना पर पुलिस टीम ने दबिश दी। कार्रवाई के दौरान सूरज पंडित और विमल केरकेट्टा को मौके से पकड़ा गया, जबकि कुछ युवक फरार हो गए।

तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 24 नग Butorphanol Tartrate Injection USP 2mg (Butrum), दो सिरिंज, ₹7,370 नगदी और मोबाइल बरामद किए गए। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने खरसिया निवासी सरोज यादव उर्फ बबलू यादव से इंजेक्शन खरीदकर युवाओं एवं नाबालिगों को बेचने की बात स्वीकार की। पुलिस ने मेमोरण्डम के आधार पर सरोज यादव को भी गिरफ्तार कर उसके कब्जे से ₹200 बरामद किए।

पुलिस ने इस मामले में कुल 24 नशीले इंजेक्शन, सिरिंज, ₹7,570 नगदी, मोबाइल एवं अपाचे मोटरसाइकिल क्रमांक CG13AY3523 जब्त की है। आरोपियों के खिलाफ धारा 123, 275, 286 बीएनएस एवं जेजे एक्ट की धारा 77 के तहत कार्रवाई की गई है।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने सख्त संदेश देते हुए कहा कि युवाओं और नाबालिगों को नशे की गिरफ्त में धकेलने वालों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।


Social Activity BSP👈

रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद








Click here 👆👆

Post a Comment

Previous Post Next Post