ऑपरेशन क्लीन हंट में रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, मारपीट के दो मामलों में 6 फरार आरोपी गिरफ्तार

Social Activity BSP

रायगढ़ (Social Activity BSP)। रायगढ़ पुलिस ने “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत लंबे समय से फरार आरोपियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मारपीट और एट्रोसिटी एक्ट से जुड़े दो अलग-अलग मामलों में कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। चक्रधरनगर पुलिस द्वारा यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।

बबलू दास महंत
तरणजीत सिंह भाठिया

पहले मामले में विजयम उत्सव मैरिज गार्डन के पास युवक से मारपीट और एट्रोसिटी एक्ट से जुड़े प्रकरण में फरार मुख्य आरोपी तरणजीत सिंह भाठिया और बबलू दास महंत को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, बीते वर्ष 24-25 मई की रात युवक के साथ रास्ता रोककर गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी दी गई थी। पीड़ित ने आरोप लगाया था कि आरोपियों ने उसे विशेष वर्ग का सदस्य जानकर अपमानित किया और हमला किया।

मामले में थाना चक्रधरनगर में अपराध क्रमांक 219/2025 के तहत विभिन्न धाराओं सहित अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की धारा 3(2)(v)(क) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने पहले आरोपी अंकुल ठाकुर और मनीष सिंह उर्फ बिहारी बाबू को गिरफ्तार किया था, जबकि अब मुख्य आरोपी तरणजीत सिंह और बबलू महंत को भी पकड़ लिया गया है।

दूसरे मामले में मरीन ड्राइव स्थित नगर निगम कॉम्प्लेक्स के आशीष सोलर सॉल्यूशन कार्यालय में तोड़फोड़ और मारपीट के मामले में चार फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। शिकायतकर्ता रवि गुप्ता ने आरोप लगाया था कि जनवरी 2026 में कुछ युवकों ने शराब के नशे में विवाद के बाद उनके कार्यालय में घुसकर गाली-गलौज, तोड़फोड़ और मारपीट की थी।

इस मामले में चक्रधरनगर पुलिस ने आरोपी आयुष राजपूत, आयुष सिंह, प्रथम अम्बूवानी उर्फ करण अम्बूवानी और रोहित सोनी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, घटना के बाद से सभी आरोपी फरार चल रहे थे।

रायगढ़ पुलिस ने बताया कि “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत फरार वारंटियों और गंभीर अपराधों में शामिल आरोपियों की लगातार तलाश और गिरफ्तारी की जा रही है। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर पुलिस की सतत निगरानी है और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


Social Activity BSP👈

रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद








Click here 👆👆

Post a Comment

Previous Post Next Post