बिलासपुर पुलिस की बड़ी पहल: 110 होटल, लॉज और फार्महाउस संचालकों को ‘समाधान ऐप’ की दी जानकारी, हर अतिथि की सूचना अपलोड करना होगा अनिवार्य
bySheikh Sarfaraz Ahamad
-
0
बिलासपुर (Social Activity BSP)। शहर में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से बिलासपुर पुलिस ने होटल, लॉज और फार्महाउस संचालकों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। इस बैठक में करीब 110 होटल, लॉज एवं फार्महाउस संचालकों को ‘समाधान ऐप’ की विस्तृत जानकारी देते हुए इसके उपयोग को अनिवार्य रूप से अपनाने के निर्देश दिए गए।
यह पहल डीआईजी एवं एसएसपी श्री रजनेश सिंह के कुशल नेतृत्व एवं निर्देशन में की गई, जिसमें एडिशनल एसपी (शहर) श्री पंकज पटेल, सीएसपी सिविल लाइन श्री निमितेश परिहार एवं एसडीओपी कोटा श्रीमती नूपुर उपाध्याय ने संचालकों को समाधान ऐप के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की।
बैठक के दौरान पुलिस अधिकारियों ने बताया कि समाधान ऐप के माध्यम से होटल, लॉज एवं फार्महाउस में ठहरने वाले आगंतुकों और व्यक्तियों की जानकारी त्वरित, सरल और सुरक्षित तरीके से पुलिस विभाग तक पहुंचाई जा सकेगी, जिससे शहर की सुरक्षा व्यवस्था को अधिक सुदृढ़ बनाया जा सकेगा। साथ ही, संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखने में भी यह ऐप अहम भूमिका निभाएगा।
अधिकारियों ने संचालकों को ऐप डाउनलोड करने, पंजीयन प्रक्रिया एवं उसके उपयोग की पूरी जानकारी दी। इसके साथ ही स्पष्ट निर्देश जारी किए गए कि होटल या लॉज में ठहरने वाले प्रत्येक अतिथि का वैध पहचान पत्र सत्यापित कर उसकी आवश्यक जानकारी समाधान ऐप के माध्यम से समयबद्ध तरीके से अपलोड करना अनिवार्य होगा।
बिलासपुर पुलिस ने इसे कानून-व्यवस्था को मजबूत करने, अपराध नियंत्रण तथा आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। पुलिस प्रशासन ने सभी होटल, लॉज, फार्महाउस एवं अन्य व्यवसायिक प्रतिष्ठानों के संचालकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि वे समाधान ऐप का नियमित उपयोग सुनिश्चित करें, ताकि शहर में सुरक्षा व्यवस्था और अधिक प्रभावी बनाई जा सके।
पुलिस का स्पष्ट संदेश:
अब सभी होटल, लॉज, फार्महाउस और अन्य आवासीय व्यवसायिक प्रतिष्ठानों के संचालकों को समाधान ऐप डाउनलोड कर प्रत्येक अतिथि की जानकारी अनिवार्य रूप से अपलोड करनी होगी।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद