Social Activity BSP
बिलासपुर (Social Activity BSP)। शहर के ग्राम गतौरी स्थित वृंदावन ग्रीन फार्म हाउस में कथित रूप से जुआ खेलने की सूचना पर पुलिस ने छापेमार कार्रवाई करते हुए फार्म हाउस संचालक समेत आठ लोगों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई सिविल लाइन सीएसपी और एसडीओपी कोटा के नेतृत्व में की गई बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम ने गतौरी स्थित वृंदावन ग्रीन फार्म हाउस में दबिश देकर मौके से जुआ खेलते हुए कई लोगों को पकड़ा। गिरफ्तार आरोपियों में फार्म हाउस मालिक मनीष शर्मा सहित रोशन सिंह, मुन्ना गोयल, विकास सिंह, नीरज शर्मा, दीपक अग्रवाल, चंद्रकिशन अग्रवाल और मयंक सोनकर शामिल हैं।
पुलिस के मुताबिक कार्रवाई के दौरान मौके से करीब 3 लाख 80 हजार रुपये नकद, 11 मोबाइल फोन और 5 चारपहिया वाहन जब्त किए गए हैं। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत लगभग 40 लाख रुपये बताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ गैर-जमानती धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है। मामले में आगे की वैधानिक प्रक्रिया कोनी थाना में की जा रही है।
पुलिस द्वारा मामले की जांच जारी है और जब्त सामग्री के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद




.jpeg)

