बिलासपुर में नकली मसालों का बड़ा भंडाफोड़, ब्रांडेड पैकिंग में तैयार हो रहे थे डुप्लीकेट मसाले

Social Activity BSP

बिलासपुर (Social Activity BSP)। शहर में नकली खाद्य सामग्री के कारोबार का एक और बड़ा मामला सामने आया है। फेयर एंड लवली, ब्रांडेड सिगरेट, हार्पिक और सर्फ एक्सेल जैसे नकली उत्पादों के खुलासे के बाद अब व्यापार विहार क्षेत्र में नकली मसालों का कारोबार पकड़ा गया है। खाद्य एवं औषधि विभाग की कार्रवाई में मशहूर कंपनी “एवरेस्ट” के नाम पर डुप्लीकेट मसाले तैयार कर बाजार में खपाने का खुलासा हुआ है।





जानकारी के अनुसार विभाग की टीम ने व्यापार विहार स्थित मारुति गुड्स गैरेज में छापेमार कार्रवाई की। जांच के दौरान भारी मात्रा में नकली मसाले, पैकिंग सामग्री और ब्रांडेड रैपर बरामद किए गए। आरोपियों द्वारा नामी कंपनियों की पैकिंग का इस्तेमाल कर नकली मसाले तैयार किए जा रहे थे, जिन्हें ट्रांसपोर्ट के माध्यम से शहर और आसपास के क्षेत्रों की दुकानों तक पहुंचाया जा रहा था।

बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले भी इसी इलाके से नकली मसालों की खेप पकड़ी गई थी। इसके बावजूद मिलावटखोर लगातार सक्रिय हैं और बेखौफ होकर कारोबार चला रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक “गोलू” नामक व्यक्ति इस पूरे नेटवर्क का मुख्य संचालक बताया जा रहा है, जिसने अलग-अलग गोदामों में नकली मसालों का बड़ा जखीरा छिपाकर रखा है।

कार्रवाई के बाद विभाग ने संबंधित गोदाम को सील कर दिया है और मसालों के सैंपल जांच के लिए भेज दिए गए हैं। अधिकारियों के अनुसार मामला केवल नकली ब्रांड बेचने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सीधे लोगों की सेहत से जुड़ा गंभीर मामला है। संदिग्ध और घटिया सामग्री से तैयार मसाले आम लोगों की रसोई तक पहुंच रहे थे।

फिलहाल प्रशासन पूरे नेटवर्क की जांच में जुटा हुआ है और इस कारोबार से जुड़े मुख्य आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है। लगातार हो रही कार्रवाई के बावजूद नकली सामानों के कारोबार पर नियंत्रण नहीं लग पाने को लेकर भी कई सवाल उठ रहे हैं।


Social Activity BSP👈

रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद








Click here 👆👆

Post a Comment

Previous Post Next Post