प्रेस क्लब में NSUI का केंद्र सरकार पर बड़ा हमला, NEET पेपर लीक को लेकर घेरा NTA; 3 जून को बड़े आंदोलन का ऐलान

Social Activity BSP

बिलासपुर (Social Activity BSP)। शहर के प्रेस क्लब में मंगलवार को एनएसयूआई द्वारा एक महत्वपूर्ण बैठक एवं प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई, जिसमें NEET पेपर लीक, शिक्षा व्यवस्था में बढ़ते भ्रष्टाचार और छात्रों के भविष्य से जुड़े मुद्दों को लेकर केंद्र सरकार तथा नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) पर तीखा हमला बोला गया। प्रेस वार्ता में एनएसयूआई छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष वाकी जोसेफ पांडेय और जिलाध्यक्ष रंजीत सिंह प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एनएसयूआई नेताओं ने आरोप लगाया कि देश का युवा आज खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहा है और मेहनती छात्रों का भविष्य लगातार पेपर माफियाओं और सरकारी लापरवाही की भेंट चढ़ रहा है। संगठन ने दावा किया कि बीते करीब 10 वर्षों में देशभर में लगभग 89 बार पेपर लीक की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिससे परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता और विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

एनएसयूआई नेताओं ने कहा कि NEET जैसी राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा में पेपर लीक होना बेहद गंभीर और चिंताजनक मामला है, क्योंकि इससे लगभग 22 लाख छात्रों का भविष्य जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि गरीब और मध्यमवर्गीय परिवार अपने बच्चों को डॉक्टर बनाने का सपना पूरा करने के लिए वर्षों की मेहनत और लाखों रुपये खर्च करते हैं, लेकिन परीक्षा प्रणाली में भ्रष्टाचार और अव्यवस्था उनके सपनों को तोड़ रही है।

बैठक में NTA की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए गए। संगठन ने मांग की कि वर्तमान व्यवस्था को समाप्त कर एक नई, पारदर्शी और जवाबदेह परीक्षा एजेंसी का गठन किया जाए। साथ ही केंद्रीय शिक्षा मंत्री से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने और पूरे मामले की संयुक्त संसदीय समिति (JPC) से जांच कराने की मांग भी रखी गई।


NSUI की प्रमुख मांगें

  • NEET पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए
  • NTA को भंग कर नई परीक्षा एजेंसी बनाई जाए
  • केंद्रीय शिक्षा मंत्री नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा दें
  • मामले की JPC से जांच कराई जाए
  • पेपर लीक माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो
  • राष्ट्रीय परीक्षा सुरक्षा कानून बनाया जाए
  • छात्रों को न्याय और पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए

एनएसयूआई ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान यह भी घोषणा की कि 3 जून 2026 को बिलासपुर में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू के निवास का घेराव करते हुए बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा। संगठन का कहना है कि यह सिर्फ एक पेपर लीक का मामला नहीं, बल्कि देश के करोड़ों युवाओं के सपनों, भविष्य और शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता की लड़ाई है।


Social Activity BSP👈

रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद








Click here 👆👆

Post a Comment

Previous Post Next Post