रायगढ़ को मिली 16 अत्याधुनिक डॉयल-112 ईआरवी वाहन की सौगात, वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने दिखाई हरी झंडी

Social Activity BSP

रायगढ़ (Social Activity BSP)। रायगढ़ जिले को छत्तीसगढ़ डॉयल-112 फेज-2 नेक्स्ट जेन योजना के तहत 16 अत्याधुनिक इमरजेंसी रिस्पांस व्हीकल (ERV) की सौगात मिली है। बुधवार को वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने पुराना पुलिस लाइन रायगढ़ में आयोजित कार्यक्रम के दौरान इन वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि नई व्यवस्था से आम नागरिकों को किसी भी आपात स्थिति में तेज, सुरक्षित और प्रभावी सहायता मिल सकेगी।

कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित समारोह में महापौर जीवर्धन चौहान, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, जिला पंचायत सीईओ अभिजीत बबन पठारे, एडिशनल एसपी अनिल सोनी, सभापति डिग्रीलाल साहू, नेता प्रतिपक्ष सलीम नियारिया सहित जनप्रतिनिधि एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि डॉयल-112 योजना का विस्तार करते हुए अब इसे छत्तीसगढ़ के सभी 33 जिलों तक पहुंचाया गया है। उन्होंने बताया कि 4 सितंबर 2018 से संचालित इस सेवा को अब फेज-2 नेक्स्ट जेन के तहत और अधिक आधुनिक बनाया गया है। रायगढ़ जिले को कुल 16 नए अत्याधुनिक इमरजेंसी रिस्पांस व्हीकल आवंटित किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि इन वाहनों में PTZ कैमरा, डैश कैमरा, GPS डिवाइस, मोबाइल डेटा टर्मिनल (MDT) और स्मार्ट मोबाइल फोन जैसे अत्याधुनिक उपकरण लगाए गए हैं, जिससे घटनास्थल पर त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सकेगी। नई एकीकृत डॉयल-112 व्यवस्था के तहत पुलिस, चिकित्सा सेवा, अग्निशमन, आपदा प्रबंधन, चाइल्ड हेल्पलाइन, महिला हेल्पलाइन तथा नेशनल हाईवे सेवाओं को भी जोड़ा गया है, जिससे नागरिकों को एक ही प्लेटफॉर्म पर कई आपातकालीन सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि यह सरकार की महत्वपूर्ण योजनाओं में से एक है, जिसका उद्देश्य पुलिस प्रतिक्रिया क्षमता को मजबूत करना और आमजन को त्वरित सहायता उपलब्ध कराना है। उन्होंने रायगढ़ पुलिस और प्रशासन को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी।

कार्यक्रम के अंत में अतिथियों द्वारा आधुनिक डॉयल-112 ईआरवी वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस दौरान डॉयल-112 जिला नोडल अधिकारी एवं एडिशनल एसपी अनिल सोनी, डीएसपी उन्नति ठाकुर, डीएसपी उत्तम प्रताप सिंह, डीएसपी सुशांतो बनर्जी, रेडियो सब इंस्पेक्टर पुष्पेंद्र श्याम सहित ईआरवी स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


Social Activity BSP👈

रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद








Click here 👆👆

Post a Comment

Previous Post Next Post