Social Activity BSP
रायगढ़ (Social Activity BSP)। रायगढ़ पुलिस लाइन उर्दना में बुधवार को आधुनिक पुलिस जिम का लोकार्पण किया गया। वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने जिम का शुभारंभ करते हुए फिटनेस और वेलनेस को वर्तमान समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता बताया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि भागदौड़ भरी जीवनशैली में शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहना बेहद जरूरी है।
जानकारी के अनुसार, वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने इससे पहले पुराना पुलिस लाइन रायगढ़ में आयोजित कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ डॉयल-112 (फेज-2 नेक्स्ट जेन) के तहत जिले को मिले 16 आधुनिक आपातकालीन वाहनों को हरी झंडी दिखाई थी। इसके बाद वे पुलिस लाइन उर्दना पहुंचे, जहां उन्होंने रिबन काटकर आधुनिक पुलिस जिम का लोकार्पण किया और जिम परिसर में स्थापित भगवान हनुमान जी के छायाचित्र पर पूजा-अर्चना की।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने जिम में उपलब्ध अत्याधुनिक फिटनेस मशीनों का अवलोकन भी किया। वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को प्रतिदिन कम से कम आधा घंटा व्यायाम के लिए निकालना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह जिम पुलिसकर्मियों के साथ स्थानीय युवाओं को भी फिटनेस के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध कराएगा और अनुशासित जीवनशैली को बढ़ावा देगा।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया कि पुलिसकर्मियों को तनावमुक्त रखने और उनकी कार्यक्षमता बढ़ाने के उद्देश्य से रायगढ़ पुलिस द्वारा योग, खेल और फिटनेस गतिविधियों को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस जिम में अत्याधुनिक मशीनों का अपग्रेडेशन किया गया है, जिससे पुलिस जवानों के साथ पुलिस परिवार के सदस्यों को भी लाभ मिलेगा।
कार्यक्रम में महापौर जीवर्धन चौहान, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, जिला पंचायत सीईओ अभिजीत बबन पठारे, एडिशनल एसपी अनिल सोनी, एसडीएम महेश शर्मा, सभापति डिग्रीलाल साहू, डीएसपी उन्नति ठाकुर, उत्तम प्रताप सिंह, सुशांतो बनर्जी, आईआर अमित सिंह सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं पुलिस जवान उपस्थित रहे।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद




.jpeg)

