रायगढ़ जूटमिल क्षेत्र में पुलिस का फ्लैग मार्च, असामाजिक तत्वों को दी सख्त चेतावनी

Social Activity BSP

रायगढ़ (Social Activity BSP)। जूटमिल थाना क्षेत्र में लगातार मिल रही झगड़ा-मारपीट और असामाजिक गतिविधियों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए रायगढ़ पुलिस ने काशीराम चौक, गढ़उमरिया और अन्य संवेदनशील इलाकों में व्यापक फ्लैग मार्च और पैदल पेट्रोलिंग की। देर रात तक चली इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आमजन को सुरक्षा का भरोसा दिलाया और असामाजिक तत्वों को कड़ी चेतावनी दी।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर आयोजित इस फ्लैग मार्च में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी और नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा भी शामिल रहे। थाना प्रभारी जूटमिल निरीक्षक अभिनव कांत सिंह के नेतृत्व में जूटमिल पुलिस और 6वीं बटालियन के सशस्त्र जवानों ने क्षेत्र का भ्रमण कर कानून व्यवस्था का जायजा लिया।




फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों ने क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों से मुलाकात कर उनकी शिकायतें और समस्याएं सुनीं। वहीं युवकों को समझाइश देते हुए आपसी विवाद, झगड़ा-मारपीट, स्टंटबाजी और समूहबाजी से दूर रहने की सलाह दी गई। पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि यदि कोई व्यक्ति आवारागर्दी, बदमाशी या असामाजिक गतिविधियों में शामिल दिखाई दे तो तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दें।

जूटमिल पुलिस और सशस्त्र बलों की संयुक्त टीम ने ओडिशा हाईवे, काशीराम चौक, जूटमिल मार्केट एरिया और युवकों के अड्डेबाजी वाले स्थानों पर पैदल पेट्रोलिंग की। इस दौरान सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन करने वालों को थाने लाकर कार्रवाई की गई। पुलिस ने कई संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों पर निगरानी रखते हुए भविष्य में कानून व्यवस्था भंग करने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि गुंडागर्दी, मारपीट, अड्डेबाजी और असामाजिक गतिविधियों को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा हर सूचना पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।


Social Activity BSP👈

रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद








Click here 👆👆

Post a Comment

Previous Post Next Post