Social Activity BSP
रायगढ़ (Social Activity BSP) | कोतरारोड़ थाना क्षेत्र में महिला से छेड़छाड़ और विरोध करने पर उसके पति से मारपीट करने के मामले में रायगढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त कार भी जब्त की है।
घटना 3 मई 2026 की बताई जा रही है, जब पीड़िता अपने पति के साथ सक्ती से रायगढ़ लौट रही थी। रास्ते में मोटरसाइकिल खराब होने पर दोनों पैदल वाहन लेकर आ रहे थे। इसी दौरान कुसमुरा तालाब के पास महिला के साथ कार सवार दो व्यक्तियों ने छेड़छाड़ की। विरोध करने पर आरोपियों ने उसके पति के साथ मारपीट की और धमकी देकर मौके से फरार हो गए।
महिला ने साहस दिखाते हुए आरोपियों की फोटो अपने मोबाइल में कैद कर ली और अगले दिन थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपियों की पहचान चैतन्य राणा (34 वर्ष) और उत्तरा कुमार श्रीवास (40 वर्ष) के रूप में की।
पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों के घर दबिश देकर उन्हें गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया। उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त मारुति सुजुकी सेलेरियो कार, चाबी और दस्तावेज भी जब्त किए गए हैं।
दोनों आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं के खिलाफ अपराधों पर रायगढ़ पुलिस की जीरो टॉलरेंस नीति है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद




.jpeg)

