Social Activity BSP
२८ मई २०२६ (Social Activity BSP)। राजस्थान के बीकानेर जिले के नोखा कस्बे में गुरुवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 13 लोग घायल हो गए। श्रीनाथजी के दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी टेंपो ट्रैवलर की नागौर रोड स्थित एक पेट्रोल पंप के पास सामने से आ रहे ट्रक से जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, टेंपो ट्रैवलर नागौर की ओर से बीकानेर लौट रहा था, जबकि ट्रक बीकानेर से नागौर की दिशा में जा रहा था। पेट्रोल पंप के समीप दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में टेंपो ट्रैवलर चालक मोहम्मद आरिफ समेत दो यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलते ही नोखा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। दुर्घटना के कारण कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा, जिसके बाद क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सामान्य कराया गया। पुलिस ने तीनों शवों को सीएचसी नोखा की मोर्चरी में रखवाया।
हादसे में घायल 13 लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए पीबीएम अस्पताल रेफर किया गया। घायलों में आशीष, सोनी, तनुश्री, हिमाशी, भारती, बजरंगलाल, मितांशु, रितिका, जीविका, मयंक, संतोष, मीनाक्षी और निधि शामिल हैं, जो सभी बीकानेर निवासी बताए जा रहे हैं। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजनों में मातम पसर गया।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद




.jpeg)

